आगर-मालवा में दर्दनाक हादसा, बगलामुखी मंदिर के पास नाले में बही कार, 8 श्रद्धालुओं की मौत

Agar-Malwa Car Accident: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास बीती रात तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया. बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी एक कार नाले में बह गई.

Madhya Pradesh Tragic accident Agar-Malwa car swept drain near Baglamukhi Temple 8 devotees dead
Image Source: Social Media

Agar-Malwa Car Accident: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास बीती रात तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया. बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी एक कार नाले में बह गई. हादसे में कार सवार 3 बच्चों, 3 पुरुषों और 2 महिलाओं समेत कुल 8 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है.

तेज बारिश के बीच नाले में बही कार

बताया जा रहा है कि इलाके में रात के समय मूसलधार बारिश हो रही थी. इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार नाले में तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी में बह गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया.

पुलिस और बचाव दल ने नाले में तलाश अभियान चलाकर कार और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई की. फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और इसके कारणों की जांच कर रही है.

हादसे के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. तेज पानी के बीच कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच गए थे. 

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए बचाव अभियान चलाया. नलखेड़ा में घटनास्थल पर आगर-मालवा कलेक्टर और एसपी भी पहुंचे. इस दौरान नाराज लोगों ने उनके सामने नारेबाजी की.

मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे. लखुंदर नदी के किनारे स्थित यह मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं. नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई है. 

इसका सबसे ज्यादा असर रात के समय देखने को मिला. मुख्य सड़क से मंदिर जाने के रास्ते में श्रद्धालुओं को एक पुलिया से होकर गुजरना पड़ता है और उसके नीचे बरसाती नाला बहता है. मूसलधार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव अचानक काफी तेज हो गया था. इसी तेज बहाव की चपेट में कार आ गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया.

ये भी पढ़ें- अमेरिका के साथ चीन ने कर दिया बड़ा खेला, इस खतरनाक हथियार का 'सीक्रेट' पार्ट गायब