बिग बॉस कन्नड़ के सेट पर ताला! इन नियमों के उल्लंघन पर KSPCB का बड़ा एक्शन, जानें क्या है पूरा मामला

Bigg Boss Kannada: कर्नाटक में चल रहे सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़’ के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं. कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (KSPCB) ने गंभीर पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए शो के स्टूडियो परिसर को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है.

Lockdown on the sets of Bigg Boss Kannada KSPCB big action on violation of these rules
Image Source: Social Media

Bigg Boss Kannada: कर्नाटक में चल रहे सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़’ के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं. कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (KSPCB) ने गंभीर पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए शो के स्टूडियो परिसर को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है.

बोर्ड ने न केवल पुलिस को इस सेटअप को जब्त करने का आदेश दिया है, बल्कि BESCOM (बैंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड) को बिजली काटने के निर्देश भी जारी किए हैं. यह सख्त कदम बिग बॉस कन्नड़ के सीजन 12 की शुरुआत के कुछ ही दिन बाद उठाया गया है.

क्या है मामला?

6 अक्टूबर को जारी नोटिस में, KSPCB ने वेल्स स्टूडियोज एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (जिसे 'जॉली वुड स्टूडियोज एंड एडवेंचर्स' के नाम से भी जाना जाता है) को सभी गतिविधियां तत्काल रोकने का आदेश दिया.

बोर्ड का कहना है कि स्टूडियो परिसर में बड़े पैमाने पर शूटिंग और मनोरंजन गतिविधियां चलाई जा रही थीं, जबकि इसके लिए जरूरी मंजूरियां, जैसे कि जल (प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 और वायु (प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के तहत ‘Consent for Establishment’ और ‘Consent for Operation’, ली ही नहीं गईं थीं.

सेट सील, कंटेस्टेंट्स को निकालने की तैयारी

जैसे ही आदेश जारी हुआ, अधिकारियों ने शो के सेट को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें बिग बॉस हाउस के गेट को सील किया जा रहा है. सूत्रों की मानें तो कंटेस्टेंट्स को जल्द ही घर से बाहर निकाला जाएगा.

प्रशासन को भी भेजी गई कॉपी

KSPCB ने बंद करने का आदेश रामनगर जिले के उपायुक्त, BESCOM के एमडी, और रामनगर तालुक के विद्युत अभियंताओं को भी भेजा है, ताकि सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर इस आदेश को सख्ती से लागू कर सकें. बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

क्या शो पर पड़ेगा असर?

किच्चा सुदीप द्वारा होस्ट किए जाने वाला बिग बॉस कन्नड़ लंबे समय से दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा है. इसे बिदादी स्थित एक भव्य सेट पर शूट किया जाता है. सीजन 12 की शुरुआत हाल ही में हुई थी, और दर्शक उत्साह से नए एपिसोड्स का इंतजार कर रहे थे. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या चैनल कोई नया स्थान तलाशता है या शो पर अस्थायी रोक लगाई जाती है.

यह भी पढ़ें- गाजा में इजरायल ने मचाई भयंकर तबाही, मलबा हटाने में लगेंगे 10 साल; UN की रिपोर्ट आई सामने