सर्दियों में रूम हीटर खरीदने से पहले रखें इन बातों का ध्यान, जानें कौन सा हीटर आपके लिए सबसे बेहतर

Best Room Heater For Winter: सर्दी का मौसम चरम पर है और ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में अलग-अलग तरह के हीटर इस्तेमाल कर रहे हैं. अगर आप भी इस मौसम में नया रूम हीटर लेने की सोच रहे हैं, तो यह समझना बेहद जरूरी है कि आपकी जरूरत के लिए कौन-सा प्रकार सबसे सही रहेगा. 

lifestyle these things in mind before buying a room heater in winter
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Best Room Heater For Winter: सर्दी का मौसम चरम पर है और ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में अलग-अलग तरह के हीटर इस्तेमाल कर रहे हैं. अगर आप भी इस मौसम में नया रूम हीटर लेने की सोच रहे हैं, तो यह समझना बेहद जरूरी है कि आपकी जरूरत के लिए कौन-सा प्रकार सबसे सही रहेगा. 

मार्केट में कई तरह के हीटर उपलब्ध हैं और गलत चुनाव न सिर्फ पैसों की बर्बादी बन सकता है, बल्कि सेहत के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है.

हीटर के अलग-अलग प्रकार और उनका सही इस्तेमाल

आजकल बाजार में मुख्य रूप से तीन तरह के हीटर मिलते हैं, हेलोजन हीटर, फैन हीटर और ऑयल फिल्ड हीटर. तीनों की अपनी खूबियां और सीमाएं हैं, इसलिए इन्हें समझ कर सही विकल्प चुनना जरूरी है.

  • हेलोजन हीटर छोटे कमरों के लिए ज्यादा उपयुक्त माने जाते हैं. ये तुरंत गर्मी देते हैं और बजट-फ्रेंडली होते हैं, इसलिए इन्हें अक्सर छात्र, छोटे फ्लैट में रहने वाले लोग या छोटे कमरों में इस्तेमाल करने वाले लोग चुनते हैं.
  • इसके मुकाबले फैन हीटर कमरे को तेज़ी से गर्म करते हैं और सुरक्षा के लिहाज से हेलोजन हीटर से बेहतर माने जाते हैं. ये मध्यम आकार के कमरों के लिए आदर्श होते हैं, हालांकि यह हेलोजन हीटर की तुलना में थोड़े महंगे होते हैं.
  • दूसरी ओर, ऑयल फिल्ड हीटर बड़ी जगहों के लिए सबसे सुरक्षित और प्रभावी विकल्प माने जाते हैं. ये धीरे-धीरे कमरा गर्म करते हैं, गर्मी लंबे समय तक बनी रहती है और घर में मौजूद बच्चों या पालतू जानवरों के लिए भी यह सुरक्षित विकल्प माना जाता है. हालांकि, इनकी कीमत बाकी दोनों हीटरों के मुकाबले काफी अधिक होती है.

कमरे के आकार के हिसाब से हीटर का चयन क्यों जरूरी है

अक्सर लोग हीटर खरीदते समय यह ध्यान नहीं रखते कि जिस कमरे में उनका इस्तेमाल होने वाला है, उसकी लंबाई-चौड़ाई क्या है. अगर कमरा छोटा है और आप उसमे ऑयल हीटर लगा देंगे, तो वह जरूरत से ज्यादा गर्मी देगा और बिजली की खपत भी अधिक होगी. वहीं, अगर बड़ा कमरा है और आप उसमें छोटा हेलोजन हीटर लगाएंगे, तो कमरे का तापमान बढ़ने में काफी समय लगेगा और हीटर ओवरलोड होकर खराब भी हो सकता है.

इसलिए सामान्य नियम यह है कि छोटे कमरों के लिए हल्के और तुरंत गर्मी देने वाले हीटर, मध्यम आकार के कमरों के लिए फैन हीटर, बड़े कमरों के लिए ऑयल फिल्ड हीटर सबसे उपयुक्त रहते हैं.

ऑयल हीटर- क्यों माना जाता है सबसे सुरक्षित विकल्प

ऑयल फिल्ड हीटर की खासियत यह है कि इसके अंदर मौजूद ऑयल गर्म होकर रॉड्स में सर्कुलेट होता है और कमरे में समान रूप से गर्मी फैलाता है. इसमें खुली हुई आग जैसी कोई चीज़ नहीं होती, न ही यह त्वचा पर तेज़ हवा फेंकता है, इसलिए बच्चा गलती से पास भी चला जाए तो जलने या चोट लगने का खतरा कम रहता है. 

इसके अलावा, ये कमरे को ड्राई नहीं करते, जिससे सांस लेने में परेशानी या त्वचा-संबंधी दिक्कतें कम होती हैं. हालांकि इनका सबसे बड़ा नुकसान कीमत है, लेकिन सुरक्षा और आराम के लिहाज से यह एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.

हीटर चलाते समय सेहत का खास ख्याल रखें

सर्दियों में कई लोग रात में सोते समय हीटर ऑन छोड़ देते हैं. खासकर हेलोजन और फैन हीटर कमरे की हवा को बेहद सूखा बना देते हैं. हवा में नमी खत्म हो जाती है और ऑक्सीजन का स्तर गिरने लगता है, जिससे नाक बंद होना, आंखों में जलन, गले में सूखापन और सांस की दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

इसलिए अगर आप सोते समय हीटर चला रहे हैं, तो कमरे में हल्का-सा वेंटिलेशन ज़रूर छोड़ें, जैसे खिड़की का छोटा सा हिस्सा खुला रखें. इससे ताजी हवा अंदर आती रहेगी और आपका स्वास्थ्य प्रभावित नहीं होगा.

यह भी पढ़ें- इमरान की सियासी पारी खत्म करने में लगे मुनीर, 'तानाशाह' बनते ही लिए ये 5 निर्णय; पूर्व ISI चीफ को भी भेजा जेल