कुकिंग व कॉमेडी का सबसे अनोखा तड़का लगाने वाला शो लाफ्टर शेफ़्स अपने तीसरे सीज़न के साथ फिर दर्शकों के बीच लौट आया है. पिछले दोनों सीज़नों को जिस तरह का प्यार मिला, उसके बाद फैन्स लगातार नए सीज़न की मांग कर रहे थे. अब शो पहले से भी ज्यादा मजेदार, शोरगुल भरा और सितारों के रंगों से भरपूर रूप में तैयार है.
लाफ्टर शेफ़्स 3 के कई प्रोमो पहले ही सामने आ चुके हैं, जिनमें सेलेब्स की मस्ती, नोंक-झोंक और कुकिंग का मजाकिया अंदाज़ देखकर दर्शक काफी उत्साहित हैं. इस बार पुराने चेहरों के साथ कई नए कलाकार भी शामिल हुए हैं, जिससे शो में नई ऊर्जा और नया मनोरंजन जुड़ गया है.
शो की शुरुआत कब और कहां
लाफ्टर शेफ़्स 3 की शुरुआत 22 नवंबर से हो चुकी है. यह शो हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा. टीवी पर मिस करने वाले दर्शक इसे अगले दिन आसानी से जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे. इस तरह दर्शकों के पास शो का हर एपिसोड देखने के दो विकल्प मौजूद रहेंगे.
इस सीज़न में फॉर्मेट में बड़ा बदलाव
लाफ्टर शेफ़्स का यह सीज़न अपने फॉर्मेट को बदलकर और रोचक बन गया है. पहले जहां प्रतियोगी जोड़ियों में कुकिंग करते थे, वहीं इस बार सभी प्रतिभागियों को दो अलग-अलग टीमों में बांटा गया है. एक टीम का नाम छुरी और दूसरी का कांटा रखा गया है. इन टीमों में टीवी और सोशल मीडिया के कई बड़े चेहरे शामिल हैं, जो कुकिंग और कॉमेडी दोनों में भिड़ने के लिए तैयार हैं.
किन सेलेब्स की नहीं दिखेगी झलक
इस सीज़न की एक खास बात यह भी है कि अंकिता लोखंडे, विक्की जैन, रुबीना दिलैक और राहुल वैद्य जैसे लोकप्रिय सेलेब्स इस बार शो का हिस्सा नहीं होंगे. हालांकि, नए और पुराने कलाकारों का मिला-जुला संगम शो को और दिलचस्प बनाने वाला है.
यह भी पढ़ें: नेत्रा मंटेना की ग्रैंड वेडिंग में जूनियर ट्रंप के बेटे की शादी में नाचे रणवीर सिंह, VIDEO वायरल