UP: लखीमपुर खीरी के स्कूल में चली ताबड़तोड़ गोलियां, शिक्षिका और युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Lakhimpur Kheri School Firing: लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गोलीकांड से हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक युवक ने महिला शिक्षिका को गोली मारने के बाद खुद को गोली मार ली.

Lakhimpur Kheri School Firing Teacher Youth Deaths Investigation
Image Source: Internet

Lakhimpur Kheri School Firing: लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक स्कूल में हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया. सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में करीब साढ़े 11 बजे गोलियां चलने की घटना सामने आई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक गोलीबारी में एक युवक और एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बच्चे भी सहम गए.

स्कूल की पहली मंजिल पर चली गोलियां

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोलीकांड स्कूल की पहली मंजिल पर हुआ. बताया जा रहा है कि एक बाहरी युवक स्कूल परिसर में पहुंचा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने तमंचे से महिला शिक्षिका को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. दोनों की मौत की सूचना है. गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल की अन्य शिक्षिकाएं कक्षों से बाहर निकल आईं. घटना के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई और बच्चों में डर का माहौल पैदा हो गया.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ स्कूल पहुंचे. स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अभिभावक भी जमा हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शहर कोतवाल राजेश सिंह के मुताबिक घटनास्थल की जांच की जा रही है. पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग भी मौके पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली.

फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर वारदात की पूरी कड़ी समझने में जुटी है. फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- पहले ब्लेड से गला काटा, फिर सिर धड़ से किया अलग... असम में 31 साल के युवक की बेरहमी से हत्या