Kinner Kailash Yatra 2026: हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसे हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित किन्नर कैलाश यात्रा 2026 के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं. भगवान शिव के आस्था केंद्रों में शामिल इस कठिन और आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ 30 जुलाई से होगा. समुद्र तल से करीब 6,050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित किन्नर कैलाश न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता और चुनौतीपूर्ण रास्तों के कारण भी श्रद्धालुओं और पर्वत प्रेमियों के बीच खास स्थान रखता है. इस साल यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने कई नए इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं के लिए पहले से पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी यात्री को किन्नर कैलाश की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
30 जुलाई से शुरू होगी किन्नर कैलाश यात्रा
किन्नौर जिला प्रशासन के अनुसार, किन्नर कैलाश यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 10 अगस्त तक प्रस्तावित है. हालांकि, यात्रा की अंतिम अवधि पूरी तरह से मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी. हिमालयी क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलता है, इसलिए प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी करेगा. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रतिदिन यात्रियों की संख्या सीमित रखी जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े.
28 जुलाई से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू होगी. एसडीएम कल्पा और यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज के मुताबिक, श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे. वहीं, जो यात्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगे, उनके लिए ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा 30 जुलाई से उपलब्ध होगी. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण पूरा कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
रोजाना 375 श्रद्धालुओं को मिलेगी यात्रा की अनुमति
इस बार किन्नर कैलाश यात्रा में प्रतिदिन सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा. प्रशासन ने एक दिन में कुल 375 यात्रियों को अनुमति देने का फैसला किया है. इनमें 175 सीट ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से उपलब्ध होंगी, जबकि 125 यात्रियों को ऑफलाइन पंजीकरण के जरिए मौका मिलेगा. इसके अलावा 75 स्लॉट एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन, किन्नौर के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे. यात्रियों की संख्या नियंत्रित करने का उद्देश्य प्राकृतिक वातावरण को सुरक्षित रखना और सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
तंगलिंगमेलिंगखट्टा गुफा मार्ग से होगी यात्रा
प्रशासन ने इस बार यात्रा के लिए एक निर्धारित मार्ग तय किया है. श्रद्धालु केवल तंगलिंगमेलिंगखट्टा गुफा मार्ग से ही किन्नर कैलाश तक पहुंच सकेंगे. किसी अन्य रास्ते से यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी. कठिन पहाड़ी रास्तों और ऊंचाई वाले क्षेत्र को देखते हुए यात्रियों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा. यात्रा के दौरान मौसम खराब होने की स्थिति में प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से जरूरी फैसले ले सकता है.
भगवान शिव के दिव्य धाम के रूप में प्रसिद्ध है किन्नर कैलाश
किन्नर कैलाश यात्रा हिमालय की सबसे कठिन और पवित्र धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है. यहां मौजूद विशाल शिवलिंग श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. मान्यता है कि करीब 79 फीट ऊंचा यह प्राकृतिक शिवलिंग भगवान शिव का दिव्य स्वरूप है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, किन्नर कैलाश भगवान शिव और माता पार्वती का पवित्र निवास स्थान माना जाता है. इसे पंच कैलाशों में से एक का दर्जा दिया गया है. कहा जाता है कि सावन महीने के दौरान यहां देवताओं की विशेष उपस्थिति होती है और दिव्य शक्तियों का वास रहता है.
ये भी पढ़ें- Guru Purnima 2026: 28 या 29 जुलाई... कब मनाई जाएगी गुरु पूर्णिमा, जानें सही तिथि और पूजा का शुभ मुहूर्त