रिज्यूमे बनाते समय ध्यान में रखें ये टिप्स, बढ़ जाएंगे जॉब मिलने के चांस, 90% लोग करते हैं ये गलती

आज के समय में जब आप किसी भी नौकरी के लिए आवेदन करते हैं, तो सबसे पहले आपका रिज्यूमे ही कंपनी के पास पहुंचता है. कई कंपनियां इसे पहले सॉफ्टवेयर के जरिए स्कैन करती हैं, ताकि यह तय किया जा सके कि आप नौकरी के लिए उपयुक्त हैं या नहीं.

Keep these tips in mind while making your resume for Job Interview
Image Source: Freepik

आज के समय में जब आप किसी भी नौकरी के लिए आवेदन करते हैं, तो सबसे पहले आपका रिज्यूमे ही कंपनी के पास पहुंचता है. कई कंपनियां इसे पहले सॉफ्टवेयर के जरिए स्कैन करती हैं, ताकि यह तय किया जा सके कि आप नौकरी के लिए उपयुक्त हैं या नहीं. ऐसे में अगर आपका रिज्यूमे सही तरीके से तैयार नहीं किया गया है तो वह शुरुआती चरण में ही रिजेक्ट हो सकता है. इसलिए यह जरूरी है कि आप रिज्यूमे बनाते वक्त कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखें, ताकि आपका आवेदन सही ढंग से ध्यान में आए और आपको इंटरव्यू का मौका मिल सके.

रिज्यूमे में सिर्फ जरूरी जानकारी ही शामिल करें

कई बार उम्मीदवार अपने रिज्यूमे में ऐसी जानकारी भी डाल देते हैं, जो नौकरी से संबंधित नहीं होती. जैसे माता-पिता का नाम, वैवाहिक स्थिति या धर्म जैसी निजी जानकारी का होना जरूरी नहीं है. एचआर को केवल वही जानकारी चाहिए होती है, जो आपके प्रोफेशनल स्किल्स, अनुभव और आपकी काबिलियत से संबंधित हो. अतः रिज्यूमे में केवल वही जानकारी डालें, जो आपकी नौकरी के लिए जरूरी और प्रासंगिक हो.

स्किल्स को विस्तार से बताएं

रिज्यूमे में अक्सर लोग सिर्फ सामान्य स्किल्स लिख देते हैं जैसे कि एमएस ऑफिस, टीम वर्क या लीडरशिप. जबकि एचआर को यह जानने की जरूरत होती है कि उम्मीदवार इन स्किल्स में किस स्तर तक माहिर है. उदाहरण के लिए, अगर आप Excel जानते हैं तो केवल "Excel" लिखने से काम नहीं चलेगा. इसके बजाय पिवट टेबल, वी-लुकअप, या डैशबोर्ड जैसी विशेष जानकारियों का उल्लेख करें. इससे आपके कौशल की वास्तविक क्षमता का पता चलता है और यह प्रभावी साबित होता है.

करियर ऑब्जेक्टिव

कई लोग इंटरनेट से कॉपी कर के करियर ऑब्जेक्टिव अपने रिज्यूमे में डालते हैं, जो एचआर के लिए बिलकुल आकर्षक नहीं होता. क्योंकि वह पंक्तियाँ सैकड़ों रिज्यूमे में होती हैं. एक ऐसा ऑब्जेक्टिव लिखें जो आपके वास्तविक अनुभव और उपलब्धियों को दर्शाता हो. इसे व्यक्तिगत बनाएं, ताकि एचआर को यह महसूस हो कि आप वास्तविक रूप से नौकरी के लिए उपयुक्त हैं.

आंकड़ों के साथ अपने काम का प्रदर्शन करें

यदि आपने किसी प्रोजेक्ट में अच्छा प्रदर्शन किया है, तो उसे शब्दों के बजाय आंकड़ों के माध्यम से दर्शाना ज्यादा प्रभावी होता है. उदाहरण के लिए, यदि आपने सोशल मीडिया पेज की देखरेख की है, तो सिर्फ यह न लिखें कि आप पेज को संभालते थे. इसके साथ यह भी बताएं कि उस पेज पर फॉलोअर्स या एंगेजमेंट में कितनी वृद्धि हुई. यह आंकड़ों के साथ दिखाने से आपकी काबिलियत का सही मूल्यांकन होता है और एचआर को आपकी क्षमता का बेहतर अंदाजा लगता है.

रिज्यूमे को सरल और प्रोफेशनल रखें

रिज्यूमे में रंगीन फॉन्ट्स, डिजाइन और ज्यादा सजावट का इस्तेमाल करने से बचें. कभी-कभी ज्यादा सजावटी रिज्यूमे पेशेवर नजर नहीं आते, और कई कंपनियों के सॉफ़्टवेयर इन रिज्यूमे को सही तरीके से स्कैन नहीं कर पाते. इसलिए, हमेशा रिज्यूमे का फॉर्मेट साफ, सरल और प्रोफेशनल रखें. यह न केवल आपके पेशेवर स्वभाव को दर्शाता है, बल्कि सॉफ़्टवेयर द्वारा स्कैन किए जाने में भी मदद करता है.

बुनियादी जानकारी और लिंक्डइन प्रोफाइल जोड़ें

रिज्यूमे में उम्मीदवार का नाम, संपर्क नंबर, ईमेल और शहर जैसी बुनियादी जानकारी का होना जरूरी है. इसके साथ-साथ अगर आपके पास लिंक्डइन प्रोफाइल है, तो उसे भी रिज्यूमे में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है. लिंक्डइन प्रोफाइल के जरिए एचआर को आपके बारे में अधिक जानकारी मिलती है, जैसे आपकी कनेक्टिविटी, प्रोफेशनल नेटवर्क, और अन्य पहलू जो आपके काम के स्तर को दर्शाते हैं.

ये भी पढ़ें: इंडियन नेवी में अग्निवीर बनने का मौका! एजुकेशनल क्वालिफिकेशन से लेकर चयन प्रक्रिया तक, जानें सबकुछ