Jammu Bridge Accident: जम्मू के बंटलाब के ठर इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया. पुल को चौड़ा करने का काम चल रहा था और उसी दौरान यह दुर्घटना हुई. अचानक पुल का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए.
बताया जा रहा है कि पुल के नीचे मजदूर काम कर रहे थे. तभी अचानक पुल का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया. किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कुल 6 मजदूर मलबे के नीचे दब गए.
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया. जम्मू कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ और भारतीय सेना की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. अब तक 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 मजदूर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. उन्हें निकालने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है.
#WATCH बनतालाब(जम्मू): बनतालाब ठठर इलाके में एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरा; बचाव अभियान जारी है। pic.twitter.com/etcNYzVunA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 1, 2026
मौके पर क्या स्थिति है
राहत टीम भारी मशीनों की मदद से मलबा हटा रही है. स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं. इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए हैं.
प्रशासन की नजर
स्थानीय विधायक श्याम लाल शर्मा ने भी घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है. फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और बचाव अभियान तेजी से जारी है.
ये भी पढ़ें- Kailsah Mansarovar Yatra: कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, एक क्लिक में जानिए