बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं. इस बार वजह उनका एक शाही पेंडेंट है, जिस पर कुरान की आयत-उल-कुर्सी लिखी हुई है. दिवाली 2026 के मौके पर करीना ने इस खास पेंडेंट को पहनकर अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं. इसके बाद उन्हें और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा गया. नोटिस में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है.
पहले जानिए करीना कपूर के पेंडेंट पर क्या है विवाद?
दिवाली 2026 के मौके पर करीना कपूर ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा की थीं. इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया हुआ बेज रंग का काफ्तान पहने नजर आईं. उनके आउटफिट पर चांदी का काम था और उन्होंने इसके साथ मैचिंग पगड़ी भी पहनी थी. हालांकि, उनके पूरे लुक में सबसे ज्यादा चर्चा गले में पहने पेंडेंट की हुई. करीना ने करीब 30 कैरेट का पन्ने वाला पेंडेंट पहना था, जिस पर कुरान की आयत-उल-कुर्सी लिखी गई है. बताया जाता है कि यह पेंडेंट भोपाल के नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी बेगम साजिदा सुल्तान की पुश्तैनी विरासत का हिस्सा था. करीना ने इसके साथ सिर पर करीब 200 साल पुरानी हीरे जड़ी कलगी भी पहनी थी. यह कलगी भी भोपाल के नवाब परिवार से जुड़ी बताई जाती है.
करीना के समर्थन में भी उतरे लोग
एक तरफ जहां पेंडेंट को लेकर धार्मिक मर्यादा का सवाल उठाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इसे करीना की निजी पसंद और पारिवारिक विरासत से जुड़ा मामला बता रहे हैं.
कैसे नवाब परिवार की विरासत करीना तक पहुंची?
करीना के पेंडेंट और कलगी का संबंध भोपाल के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान के परिवार से बताया जाता है. हमीदुल्लाह खान की बेटी बेगम साजिदा सुल्तान की शादी पटौदी के नवाब इफ्तिखार अली खान से हुई थी. दोनों के बेटे मंसूर अली खान पटौदी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रहे. मंसूर अली खान ने अभिनेत्री शर्मिला टैगोर से शादी की थी. इस शादी से उनके तीन बच्चे हुए, जिनके नाम सैफ अली खान, सबा अली खान और सोहा अली खान हैं.
शादी में भी पहना था बेगम साजिदा सुल्तान का शाही जोड़ा
करीना कपूर और सैफ अली खान की शादी साल 2012 में हुई थी. उनकी शादी में सबसे ज्यादा चर्चा करीना के शाही वेडिंग आउटफिट की हुई थी. करीना ने इस खास मौके पर भोपाल की बेगम साजिदा सुल्तान से जुड़ा पारंपरिक जोड़ा पहना था.
बताया जाता है कि बेगम साजिदा सुल्तान ने इस जोड़े को अपनी बहू शर्मिला टैगोर को दिया था. शर्मिला ने भी अपनी शादी के मौके पर इसे पहना था. बाद में करीना की शादी के लिए मशहूर डिजाइनर रितु कुमार ने इस पुराने शाही जोड़े को नए अंदाज में तैयार किया.

करीना कपूर के पेंडेंट से शुरू हुआ यह विवाद एक बार फिर इस सवाल को चर्चा में ले आया है कि धार्मिक प्रतीकों और पवित्र आयतों का फैशन और सार्वजनिक जीवन में किस तरह इस्तेमाल किया जाना चाहिए. जहां कुछ लोग इसे व्यक्तिगत पसंद और पारिवारिक विरासत से जोड़कर देखते हैं, वहीं दूसरे लोग धार्मिक मर्यादा का ध्यान रखने की बात करते हैं. फिलहाल करीना से जुड़े इस मामले में कानूनी नोटिस और उस पर उठे सवाल चर्चा का विषय बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें : जूही चावला के बर्थडे पर जानें 3 खान से जुड़े अनसुने किस्से, सलमान ने मांगा था शादी का हाथ