Kamdhenu Yojana: गाय-भैंस की डेयरी खोलने पर मिलेंगे लाखों रुपये, सरकार दे रही 33% सब्सिडी, जानें सबकुछ

अगर आप अपना खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं और गाय-भैंस पालकर अच्छी कमाई करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. मध्य प्रदेश सरकार की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत डेयरी फार्म खोलने के लिए लाखों रुपये की सब्सिडी दी जा रही है.

Kamdhenu Yojana Government subsidy for setting up a cow buffalo dairy farm
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Kamdhenu Yojana: अगर आप डेयरी फार्मिंग का कारोबार शुरू करना चाहते हैं और एक साथ कई गाय या भैंस पालने की योजना बना रहे हैं, तो मध्य प्रदेश सरकार की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना आपके लिए फायदेमंद हो सकती है. इस योजना के तहत पशुपालक 25 दुधारू गाय या भैंस की डेयरी यूनिट शुरू कर सकते हैं. खास बात यह है कि सरकार डेयरी यूनिट लगाने के लिए 25 से 33 प्रतिशत तक सब्सिडी भी देती है.

इससे डेयरी का कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद मिल सकती है. आइए जानते हैं कि इस योजना में कितनी सब्सिडी मिलेगी, कौन इसका लाभ उठा सकता है और आवेदन करने के लिए किन शर्तों को पूरा करना होगा.

डेयरी खोलने पर कितनी मिलेगी सब्सिडी?

कामधेनु योजना में डेयरी यूनिट की लागत पशुओं की नस्ल के आधार पर तय की गई है. अगर कोई व्यक्ति 25 उन्नत देशी गायों की डेयरी खोलता है, तो इसके लिए 36 लाख रुपये की अनुमानित लागत रखी गई है. वहीं, 25 संकर गाय या 25 भैंसों की डेयरी यूनिट लगाने पर 42 लाख रुपये खर्च तय किया गया है.

सरकार की ओर से अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के पशुपालकों को कुल लागत का 33 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है. वहीं, अन्य वर्गों के लोगों को 25 प्रतिशत तक सब्सिडी मिल सकती है.

इस हिसाब से 25 उन्नत देशी गायों की यूनिट लगाने पर SC-ST वर्ग को 11.88 लाख रुपये और अन्य वर्गों को 9 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है. इसी तरह 25 संकर गाय या भैंस की डेयरी यूनिट पर SC-ST वर्ग को 13.86 लाख रुपये और अन्य वर्गों को 10.50 लाख रुपये तक अनुदान मिल सकता है.

एक व्यक्ति खोल सकता है 8 डेयरी यूनिट

इस योजना के तहत एक डेयरी यूनिट में 25 दुधारू पशु रखने की अनुमति है. खास बात यह है कि एक पशुपालक अधिकतम 8 यूनिट के लिए आवेदन कर सकता है. यानी सभी शर्तें पूरी होने पर एक व्यक्ति 200 पशुओं तक की डेयरी स्थापित कर सकता है.

हालांकि, एक यूनिट में देशी गाय, संकर गाय और भैंस को एक साथ नहीं रखा जा सकता. हर यूनिट के लिए एक ही तरह के पशुओं का चयन करना होगा.

कामधेनु योजना का लाभ कौन ले सकता है?

इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं.

आवेदक मध्य प्रदेश का स्थायी निवासी होना चाहिए और उसकी उम्र 21 साल से अधिक होनी चाहिए. इसके अलावा, डेयरी फार्मिंग से जुड़ा प्रशिक्षण लेना भी जरूरी है. यह प्रशिक्षण सरकारी या सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान से होना चाहिए.

जमीन की बात करें तो 25 पशुओं की एक यूनिट लगाने के लिए कम से कम 3.50 एकड़ कृषि भूमि होनी चाहिए. परिवार की साझा जमीन पर भी डेयरी शुरू की जा सकती है, लेकिन इसके लिए दूसरे हिस्सेदारों की सहमति लेना जरूरी होगा.

कामधेनु योजना में कैसे करें आवेदन?

इस योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक पशुपालक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आधार कार्ड की मदद से रजिस्ट्रेशन करना होगा.

इसके बाद आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, जमीन और डेयरी यूनिट से जुड़ी जानकारी भरनी होगी. मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद फॉर्म जमा करना होगा.

आवेदन की जांच में सभी जानकारी सही पाए जाने पर इसे बैंक के पास भेजा जाता है. इसके बाद बैंक लोन से जुड़ी प्रक्रिया और आवेदक की पात्रता की जांच करता है.

सब्सिडी से जुड़ी ये बातें भी जान लें

इस योजना में सब्सिडी की रकम शुरुआत में सीधे नकद नहीं दी जाती. इसके लिए 3 साल की लॉक-इन अवधि रखी गई है. वहीं, लोन चुकाने के लिए 7 साल का समय तय किया गया है.

इसलिए आवेदन करने से पहले पशुपालन विभाग और संबंधित बैंक से लोन, ब्याज दर, अपनी तरफ से लगने वाली रकम और सब्सिडी की पूरी जानकारी जरूर ले लें. इससे डेयरी शुरू करने के बाद आर्थिक परेशानी से बचा जा सकता है.