आंवला नवमी पर बन रहे 3 शुभ योग, बुधवार को इन राशियों को मिलेगा धन लाभ? जानें मेष से मीन तक का भविष्यफल

Kal Ka Rashifal 18 November 2026: आंवला नवमी पर सर्वार्थ सिद्धि, रवि और ध्रुव योग का बन रहा है शुभ संयोग. चंद्रमा-राहु की युति के बीच जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा बुधवार का दिन और किन्हें मिलेगा धन, नौकरी व कारोबार में लाभ.

kal-ka-rashifal-18-november-2026-all-zodiac-signs
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Kal Ka Rashifal: 18 नवंबर 2026, बुधवार का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से खास रहने वाला है. कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि यानी आंवला नवमी के अवसर पर कई शुभ योग बन रहे हैं. ऐसे में कुछ राशि के जातकों को आर्थिक मामलों में फायदा मिल सकता है, तो कुछ को नौकरी, कारोबार और पारिवारिक जीवन में नई संभावनाएं दिखाई देंगी. हालांकि, ग्रहों की स्थिति कुछ लोगों को सतर्क रहने का संकेत भी दे रही है. आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के लिए बुधवार का दिन कैसा रहने वाला है.

कल का पंचांग और शुभ मुहूर्त

बुधवार को शतभिषा नक्षत्र रहेगा और चंद्रमा पूरे दिन कुंभ राशि में संचरण करेंगे. यहां राहु के साथ चंद्रमा की युति से ग्रहण दोष का प्रभाव भी रहेगा. इसके अलावा सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग और ध्रुव योग का संयोग बन रहा है. सुबह 6:45 से 9:25 बजे तक लाभ-अमृत चौघड़िया रहेगा. वहीं, दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक राहुकाल रहेगा. इस दौरान शुभ कार्य करने से बचें. बुधवार को उत्तर दिशा की यात्रा करने से भी परहेज करने की सलाह दी जाती है.

मेष राशि

मेष राशि के जातकों के लिए बुधवार आर्थिक मामलों में अच्छा रहने वाला है. व्यापार में बनाई गई योजनाएं लाभ दिला सकती हैं. नौकरीपेशा लोगों को कोई नया काम सौंपा जा सकता है, इसलिए उसे शुरू करने से पहले उसकी बारीकियां समझ लें. खाली समय में कुछ नया सीखने की कोशिश करें. किसी वरिष्ठ व्यक्ति की मदद से आपका लंबे समय से अटका हुआ काम पूरा हो सकता है.

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के लिए आर्थिक दृष्टि से दिन अनुकूल रहेगा. पुराने निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना है. पैसों की तंगी से परेशान लोगों को अचानक धन लाभ होने से राहत मिल सकती है. कार्यक्षेत्र में आपकी स्थिति मजबूत होगी. हालांकि, परिवार के सदस्यों की भावनाओं को समझकर ही कोई बड़ा फैसला लें. बेरोजगार युवाओं को नौकरी से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है.

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए बुधवार कई मामलों में सकारात्मक रह सकता है. किसी मित्र या अनुभवी व्यक्ति की सलाह से किया गया निवेश भविष्य में लाभ दे सकता है. अचानक धन प्राप्ति के योग हैं और कोई अधूरा काम पूरा हो सकता है. ससुराल पक्ष के साथ पुराने मतभेद दूर होने से रिश्तों में मधुरता आएगी. हालांकि, कोई पुरानी गलती सामने आने से परेशानी हो सकती है. बच्चों के भविष्य को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लेना पड़ सकता है.

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए स्वास्थ्य के लिहाज से दिन राहत भरा रह सकता है. लंबे समय से चल रही शारीरिक या मानसिक परेशानी का समाधान मिलने की उम्मीद है. ऑफिस में किसी तरह की समस्या होने पर वरिष्ठ अधिकारियों से बात करें. मनचाही सफलता पाने के लिए मेहनत जारी रखनी होगी. घरेलू जिम्मेदारियों को आप अच्छी तरह निभाएंगे. पहले किसी को उधार दिया हुआ पैसा भी वापस मिल सकता है.

सिंह राशि

सिंह राशि के जातकों के लिए बुधवार थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है. पुरानी परेशानियों से राहत मिलने के साथ कार्यक्षेत्र में तरक्की के अवसर मिलेंगे. जमीन या मकान खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो कागजी कार्रवाई में सावधानी बरतें. साझेदारी के कारोबार में किसी पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचें. पारिवारिक जीवन में भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा.

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए बुधवार खुशियां लेकर आ सकता है. परिवार में चल रहे विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश करें. निजी रिश्तों में तनाव है, तो आपसी संवाद से स्थिति बेहतर हो सकती है. किसी काम को लेकर मन में चिंता बनी रह सकती है. सरकारी नौकरी करने वालों को वरिष्ठ अधिकारियों से प्रशंसा मिल सकती है. प्रेम जीवन में किसी तीसरे व्यक्ति के दखल से परेशानी बढ़ने की आशंका है.

तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए बुधवार काफी व्यस्त रहने वाला है. परिवार के किसी सदस्य की तबीयत बिगड़ने से भागदौड़ करनी पड़ सकती है. आप अपने अधूरे काम पूरे करने में जुटे रहेंगे और मित्र की मदद से सफलता मिल सकती है. जीवनसाथी के साथ तालमेल अच्छा रहेगा. कार्यस्थल पर लापरवाही से बचें. दूर रहने वाले किसी रिश्तेदार से शुभ समाचार मिलने की संभावना है.

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए दिन मिलाजुला रहने वाला है. अविवाहित जातकों के लिए विवाह के अच्छे प्रस्ताव आ सकते हैं. नकारात्मक विचारों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान दें. कारोबारियों को कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है. नया वाहन खरीदने की इच्छा पूरी होने के योग हैं. जीवनसाथी की भावनाओं को समझने की कोशिश करें. कोई सरप्राइज गिफ्ट भी मिल सकता है.

धनु राशि

धनु राशि के जातकों के लिए बुधवार सामान्य लेकिन सुखद रहेगा. पुरानी यादें ताजा होने से मन प्रसन्न रहेगा. ससुराल पक्ष से लाभ मिलने के संकेत हैं. विदेश में पढ़ाई करने का सपना देख रहे छात्रों को सफलता मिल सकती है. परिवार के बड़े-बुजुर्गों की सलाह मानने से आर्थिक फायदा होगा. सामाजिक और धार्मिक कार्यों में आपकी सक्रियता बढ़ेगी, जिससे मान-सम्मान में वृद्धि हो सकती है.

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए बुधवार मिलाजुला परिणाम लेकर आ सकता है. ऑफिस में काम का दबाव बढ़ने से मानसिक तनाव महसूस हो सकता है. लंबे समय बाद किसी पुराने मित्र से मुलाकात होगी, जो भविष्य में लाभदायक साबित हो सकती है. वैवाहिक जीवन में खुशहाली बनाए रखने के लिए जीवनसाथी को समय दें. संतान की शिक्षा और उपलब्धियों से खुशी मिलेगी. नया कारोबार शुरू करने के लिए दिन अनुकूल है.

कुंभ राशि

कुंभ राशि के जातकों के लिए आर्थिक मामलों में बुधवार लाभकारी रह सकता है. बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों और लोन लेकर नया काम शुरू करने की योजना बना रहे जातकों के लिए समय अनुकूल है. एक से अधिक स्रोतों से धन प्राप्त होने के योग हैं. दोस्तों के साथ घूमने-फिरने या पार्टी का कार्यक्रम बन सकता है. धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी. किसी प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात करियर को नई दिशा दे सकती है.

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए बुधवार तरक्की के नए अवसर लेकर आ सकता है. कार्यक्षेत्र में कुछ नया करने की आपकी कोशिश सफल हो सकती है. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन और पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि का लाभ मिलने के संकेत हैं. हालांकि, वैवाहिक जीवन में किसी बात को लेकर जीवनसाथी से अनबन हो सकती है, इसलिए अपनी वाणी पर संयम रखें. कार्यस्थल पर विरोधियों की गतिविधियों को लेकर सतर्क रहना जरूरी होगा.

ये भी पढ़ें- Tulsi Vivah 2026: कब है तुलसी विवाह? नोट कर लें पूजा का शुभ मुहूर्त, जानें धार्मिक महत्व और पौराणिक कथा