94 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, इस खिलाड़ी ने रचा इतिहास, बनी सबसे उम्रदराज 5 विकेट हॉल लेने वाली प्लेयर

क्रिकेट में रिकॉर्ड अक्सर युवा खिलाड़ियों के नाम होते हैं, लेकिन आइल ऑफ मैन की जोआन हिक्स ने उम्र की परिभाषा ही बदल दी है. 51 साल की उम्र में इस महिला क्रिकेटर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो 94 साल से कायम था.

joanne-hicks-breaks-94-year-old-oldest-five-wicket-record
Image Source: Social Media

क्रिकेट में रिकॉर्ड अक्सर युवा खिलाड़ियों के नाम होते हैं, लेकिन आइल ऑफ मैन की जोआन हिक्स ने उम्र की परिभाषा ही बदल दी है. 51 साल की उम्र में इस महिला क्रिकेटर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो 94 साल से कायम था. ग्रीस महिला टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 5 विकेट हॉल लेकर हिक्स अब महिला और पुरुष क्रिकेट, दोनों में किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में पांच विकेट लेने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गई हैं.

47 साल की उम्र में किया था इंटरनेशनल डेब्यू

जोआन हिक्स ने 47 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और अब 51 साल 173 दिन की उम्र में इतिहास रच दिया. ग्रीस के खिलाफ मुकाबले में दाएं हाथ की ऑफ स्पिन गेंदबाज हिक्स ने महज 10 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है. यह उनके करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल रहा, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में खास जगह दिला दी.

94 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

हिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के बर्ट आयरनमोंगर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1932 में 49 साल 314 दिन की उम्र में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में पांच विकेट लिए थे. अब हिक्स 51 साल 173 दिन की उम्र में पांच विकेट हॉल लेने वाली सबसे उम्रदराज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बन गई हैं. खास बात यह है कि वह महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट में 50 वर्ष की उम्र के बाद पांच विकेट हॉल लेने वाली पहली खिलाड़ी भी हैं.

रिकॉर्ड तोड़ने के साथ टीम को दिलाई बड़ी जीत

जोआन हिक्स की घातक गेंदबाजी के सामने ग्रीस की पूरी महिला टीम सिर्फ 52 रन पर सिमट गई. आइल ऑफ मैन ने इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया. टीम ने यह मैच 9 विकेट से जीतकर अपने अभियान में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया. हिक्स की गेंदबाजी ने न सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाया, बल्कि टीम की एकतरफा जीत की नींव भी रखी.

उम्र को मात देकर रिकॉर्ड बुक में बनाई जगह

जोआन हिक्स की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने उस उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रचा, जब अधिकांश खिलाड़ी मैदान से दूर हो चुके होते हैं. 51 साल 173 दिन की उम्र में पांच विकेट लेकर उन्होंने करीब एक सदी पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. उनका यह प्रदर्शन इस बात की मिसाल बन गया कि क्रिकेट में जुनून और निरंतरता के सामने उम्र की कोई सीमा नहीं होती.