AI और लाइव ट्रांसलेशन से लैस Jio के स्मार्ट चश्मे, सिर्फ QR देखकर हो जाएगा UPI पेमेंट! जानें फीचर्स

IMC 2026 में रिलायंस Jio ने अपने नए AI वियरेबल्स पेश किए हैं. कंपनी ने यहां स्मार्ट AI बड्स के साथ स्मार्ट ग्लासेस की नई रेंज भी दिखाई.

Jio smart glasses with AI and live translation UPI Payment Features
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Jio Smart Glasses: IMC 2026 में रिलायंस Jio ने अपने नए AI वियरेबल्स पेश किए हैं. कंपनी ने यहां स्मार्ट AI बड्स के साथ स्मार्ट ग्लासेस की नई रेंज भी दिखाई. Jio के ये स्मार्ट चश्मे कई ऐसे फीचर्स के साथ आते हैं, जो इन्हें खास बनाते हैं. इनसे वीडियो रिकॉर्ड करने, म्यूजिक सुनने और कॉल रिसीव करने जैसे काम तो किए ही जा सकते हैं, साथ ही फोन निकाले बिना UPI पेमेंट भी की जा सकेगी.

IMC 2026 में Jio ने स्मार्ट ग्लासेस के दो मॉडल दिखाए हैं. इनमें से एक मॉडल में कैमरा नहीं है और सिर्फ ऑडियो के लिए स्पीकर्स दिए गए हैं. वहीं दूसरे मॉडल में स्पीकर्स के साथ कैमरा भी मिलता है. कंपनी के मुताबिक, इन्हें नवंबर या दिसंबर में आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जा सकता है.

दो मॉडल में आएंगे Jio स्मार्ट ग्लासेस

इवेंट में Jio ने स्मार्ट चश्मों के दो अलग मॉडल पेश किए. पहला मॉडल ऑडियो पर आधारित है. यह स्टेनलेस स्टील से बना है और देखने में काफी हद तक सामान्य चश्मे जैसा लगता है. दूसरे मॉडल में कैमरा दिया गया है और यह विजुअल इंटेलिजेंस के साथ आता है.

कैमरे की मदद से यह चश्मा यूजर के सामने मौजूद चीजों को समझ सकता है और उसी के आधार पर रियल टाइम में जानकारी दे सकता है. विजुअल इंटेलिजेंस की वजह से इसमें बोलकर UPI पेमेंट करने की सुविधा भी दी जा रही है.

IMC 2026 में Jio के पवेलियन पर दी गई जानकारी के मुताबिक, Jio और NPCI ने स्मार्ट चश्मों के जरिए UPI पेमेंट की सुविधा को फाइनल कर लिया है. इसके जरिए यूजर बिना फोन हाथ में लिए QR कोड को स्कैन कर पेमेंट कर सकेगा.

दोनों मॉडल में लाइव ट्रांसलेशन, कई भारतीय भाषाओं का सपोर्ट और AI वॉयस असिस्टेंट जैसे फीचर्स भी मिलेंगे.

चश्मे से होगी UPI पेमेंट

Jio के इन स्मार्ट ग्लासेस का सबसे खास फीचर UPI पेमेंट है. इसे इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को पेमेंट के लिए बार-बार फोन निकालने की जरूरत नहीं होगी. चश्मे की मदद से QR कोड स्कैन करके पेमेंट की जा सकेगी.

हालांकि, Jio ने अभी इस फीचर की सिक्योरिटी, ऑथेंटिकेशन प्रोसेस और ट्रांजैक्शन लिमिट से जुड़ी पूरी जानकारी साझा नहीं की है. इसके बावजूद भारतीय बाजार के लिए इसे एक अहम फीचर माना जा रहा है.

कीमत कितनी होगी और कब लॉन्च होंगे?

Jio ने अभी तक स्मार्ट ग्लासेस की कीमत, बैटरी लाइफ और पूरी स्पेसिफिकेशन की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. कंपनी इन्हें इस साल के आखिर तक भारत में लॉन्च कर सकती है. ऐसे में इनकी कीमत और बाकी फीचर्स की पूरी जानकारी आधिकारिक लॉन्च के समय ही सामने आएगी.