Jamui Case: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले के बाद पीड़िता का परिवार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिला. गुरुवार 24 सितंबर को हुई इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने परिवार को सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिया. साथ ही पीड़िता की आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने की बात कही.
कार्रवाई से संतुष्ट दिखा पीड़िता का परिवार
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कदम उठाए और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. परिवार ने मंगलवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नंदन यादव के घायल होने और गिरफ्तारी का भी जिक्र किया. पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव भागने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ था. पीड़िता की मां ने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, उसके बाद जिस तरह कार्रवाई हुई, उससे परिवार संतुष्ट है. उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि इस मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बेटी की सुरक्षा और पढ़ाई की जिम्मेदारी का भरोसा
मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान परिवार ने पीड़िता की सुरक्षा और भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं रखीं. परिवार के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि उनकी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उसकी पढ़ाई में भी सरकार मदद करेगी. सम्राट चौधरी ने आरोपियों के खिलाफ तेज कार्रवाई और जल्द न्याय का भरोसा भी दिया है. पीड़िता की मां ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, वैसी घटना किसी दूसरी बेटी के साथ न हो. उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
19 सितंबर को सामने आया था मामला
जमुई में यह मामला 19 सितंबर को सामने आया था. कोचिंग से लौट रहे एक नाबालिग छात्र और छात्रा को कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने POCSO समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की थी. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद मुख्य आरोपी नंदन यादव को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हुआ. एक अन्य आरोपी हरेराम यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
वहीं, पीड़िता के परिवार से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने मामले में तेज न्यायिक प्रक्रिया की बात कही. रिपोर्टों के मुताबिक, सरकार ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द सजा दिलाने की बात कही है.
ये भी पढ़ें- जमुई कांड में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर, दूसरे आरोपी हरे राम का पैर टूटा