Jaipur Vijay Bajia Murder: राजस्थान की राजधानी जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सरेराह हुई हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. इस हत्याकांड की जांच में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, विजय की हत्या किसी अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं, बल्कि छह साल पुरानी खूनी रंजिश का बदला थी. साल 2019 में अपने पिता कैलाश गोलिया की हत्या का बदला लेने के लिए उसके बेटे हनीश गोलिया ने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय को मौत के घाट उतारने की साजिश रची थी.
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कई घंटों तक विजय की रेकी की. इसके बाद बोलेरो कैंपर से उसकी फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर रोक दिया. जैसे ही विजय गाड़ी से बाहर निकला, हमलावरों ने उसे घेर लिया और कुल्हाड़ियों से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में विजय की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी हनीश गोलिया समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच में 7007 गैंग का कनेक्शन भी सामने आया है.
कई घंटे पीछा करने के बाद फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर
यह सनसनीखेज वारदात 11 नवंबर 2026 को जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में जगदंबा नगर के पास रावण गेट पर हुई. तिबारिया निवासी हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया अपनी फॉर्च्यूनर से घर से निकला था. पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी हनीश गोलिया अपने साथियों युवराज चौधरी, दिनेश और कमलेश के साथ बोलेरो कैंपर में सवार होकर दोपहर करीब 3 बजे से ही उसका पीछा कर रहा था.
आरोपी लगातार विजय की लोकेशन पर नजर रख रहे थे. शाम करीब 7:15 बजे जब विजय अपने घर की तरफ जा रहा था, तभी हमलावरों ने अपनी योजना को अंजाम दिया. उन्होंने विजय की फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि विजय की गाड़ी बंद हो गई.
जान बचाने के लिए भागा विजय, कुल्हाड़ियों से किया हमला
गाड़ी रुकने के बाद विजय अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकला और वहां से भागने की कोशिश की. इसी दौरान हनीश गोलिया हाथ में कुल्हाड़ी लेकर उसके पीछे दौड़ा. इसके बाद चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया और धारदार कुल्हाड़ियों से कई वार किए. गंभीर चोटों के कारण विजय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए.
मंदिर में मत्था टेककर भाग रहे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई. पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी भागते हुए पुलिस थाने की तरफ ही आ रहे थे. गिरफ्तारी से पहले चारों ने एक मंदिर में जाकर मत्था भी टेका था. पुलिस के अनुसार, हनीश इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है, जबकि बाकी तीन आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश
पुलिस जांच में विजय बाजिया की हत्या के पीछे छह साल पुरानी दुश्मनी की कहानी सामने आई है. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, साल 2019 में विजय बाजिया ने एक शराब के ठेके पर कैलाश गोलिया की हत्या कर दी थी. कैलाश और विजय पहले एक-दूसरे के साथ रहते थे और उनके घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी थी.
बताया जाता है कि किसी विवाद के बाद दोनों के बीच दुश्मनी इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन गए. इस दौरान कैलाश ने भी विजय को मारने की कोशिश की थी, लेकिन साल 2019 में विजय ने कैलाश की हत्या कर दी. पिता की मौत के बाद उसका बेटा हनीश गोलिया बदला लेने की फिराक में रहने लगा.
7007 गैंग से भी जुड़ा मिला हत्याकांड का कनेक्शन
विजय बाजिया हत्याकांड की जांच में 7007 गैंग का नाम भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के दाहिने हाथ पर एक जैसे टैटू बने हुए हैं. इन टैटू को 7007 गैंग की पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि हनीश गोलिया और उसके साथी जयपुर में 7007 के नाम से गैंग चलाते हैं.
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दी दबिश
हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों और उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर गुरुवार रात भी दबिश दी. इस कार्रवाई में तीन संदिग्ध ट्रैक्टर, एक जीप और एक कार जब्त की गई है. पुलिस अब हत्या की साजिश, आरोपियों के आपसी संबंधों और गैंग से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें: पहले पत्नी को मारा, फिर एक-एक कर 6 और कत्ल... नफरत में कैब ड्राइवर बन गया हैवान, जानें पूरा मामला