जयपुर-अजमेर हाईवे पर बड़ा हादसा...सिलेंडर से भरे ट्रक में ब्लास्ट; दूर तक सुनाई दी धमाकों की गूंज

राजस्थान में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. सावरदा पुलिया के पास गैस सिलेंडर से भरे एक टैंकर के पलटने से भीषण आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक तेज धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया.

JAIPUR NEWS jaipur lpg Cylinder blast LPG Cylinder Truck Accident
Image Source: Social Media

राजस्थान में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. सावरदा पुलिया के पास गैस सिलेंडर से भरे एक टैंकर के पलटने से भीषण आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक तेज धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया. घटना इतनी गंभीर थी कि आस-पास के वाहनों के भी चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है. आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य में जुट गईं.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवे पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद एक ट्रक में आग लग गई, जिससे बगल में चल रहा गैस सिलेंडरों से भरा टैंकर भी इसकी चपेट में आ गया और पलट गया. देखते ही देखते सिलेंडरों में जबरदस्त विस्फोट होने लगे. धमाकों की आवाजें 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं और घटनास्थल के आस-पास का इलाका धुएं के घने गुबार से भर गया.

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

आग की भयावहता को देखते हुए दूदू, किशनगढ़ और बगरू से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं. वहीं, मोखमपुरा पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और दोनों ओर से यातायात रोक दिया गया. हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था शुरू कर दी है.

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, उपमुख्यमंत्री घटनास्थल के लिए रवाना

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ काम करना चाहिए ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके. मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा को घटनास्थल पर भेजा है, जो खुद राहत कार्यों का जायजा ले रहे हैं. डॉ. बैरवा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया, "जयपुर-अजमेर हाईवे पर हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलते ही मैं तुरंत मौके के लिए रवाना हुआ हूं. दमकल और प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्य में लगी हुई हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं."

हादसे में कितनी गाड़ियां आईं चपेट में?

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, करीब 20 वाहन इस हादसे की चपेट में आए हैं. हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है. हादसे के चलते लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल है.हादसे के बाद से टैंकर चालक और उसका खलासी लापता हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है. वहीं, कई सिलेंडर धमाकों के बाद खेतों और दूर-दराज़ इलाकों में जाकर गिरे हैं, जिससे आग के फैलने की आशंका बनी हुई है.

यह भी पढ़ें: SMS अस्पताल में पुलिसकर्मियों ने दिखाई बहादुरी, देवदूत बनकर आग के बीच घुसे, ICU में बचाई कई जिंदगियां