PM Modi Giorgia Meloni: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार शाम इटली की राजधानी रोम पहुंच गए. एयरपोर्ट पर इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. पीएम मोदी के स्वागत के दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. प्रवासी भारतीयों ने तिरंगा लहराकर और नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया, वहीं प्रधानमंत्री ने भी लोगों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया.
रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. होटल परिसर में भारतीय और इटालियन संस्कृति की झलक पेश करने वाले रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें शास्त्रीय नृत्य, लोक प्रस्तुतियां और वाद्य संगीत शामिल रहे. इन प्रस्तुतियों ने दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को भी दर्शाया और पूरे माहौल को बेहद खास बना दिया.
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi witnesses a cultural performance as he arrives at a hotel in Rome, Italy
— ANI (@ANI) May 19, 2026
(Source: ANI/DD) pic.twitter.com/QH5f15y9P8
राष्ट्रपति मटारेला और जॉर्जिया मेलोनी से करेंगे अहम बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और इटली के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत बनाना है. उन्होंने कहा कि वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे. इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है.
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उनकी यात्रा के दौरान भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा यानी IMEC भी प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेगा. इसके अलावा भारत और इटली के बीच संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की समीक्षा भी की जाएगी, जिसके तहत कई क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाया जा रहा है.
एफएओ मुख्यालय का भी करेंगे दौरा
प्रधानमंत्री मोदी रोम स्थित संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे. इस यात्रा को वैश्विक खाद्य सुरक्षा, बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता से जोड़कर देखा जा रहा है. भारत लगातार वैश्विक मंचों पर खाद्य सुरक्षा और टिकाऊ विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाता रहा है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैं रोम पहुंच चुका हूं. इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करूंगा. भारत-इटली संबंधों को नई मजबूती देने, IMEC परियोजना पर चर्चा करने और संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना की समीक्षा इस यात्रा का अहम हिस्सा होगी.”
Welcome to Rome, my friend! 🇮🇹🇮🇳 pic.twitter.com/mUjFL4HIqY
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 19, 2026
भारत-इटली संबंधों में लगातार आ रही मजबूती
हाल के वर्षों में भारत और इटली के रिश्तों में तेजी से विस्तार देखने को मिला है. दोनों देश रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया. वहीं इटली की ओर से भारत में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 3.66 अरब डॉलर दर्ज किया गया है.
विशेषज्ञों का मानना है कि IMEC परियोजना और रणनीतिक साझेदारी के जरिए दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई गति मिल सकती है. इसके अलावा शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने पर भी दोनों सरकारें लगातार काम कर रही हैं.
मेलोनी ने साझा की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के विशेष निमंत्रण से भी जोड़ा जा रहा है. रोम पहुंचने के बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उनका स्वागत किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!”
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह प्रधानमंत्री मोदी का इटली का पहला आधिकारिक द्विपक्षीय दौरा है. वैश्विक स्तर पर बदलते राजनीतिक और आर्थिक समीकरणों के बीच भारत और इटली की यह नजदीकी आने वाले समय में दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बना सकती है.
ये भी पढ़ें- यूपी के बांदा में प्रचंड गर्मी का प्रकोप... 48.2 डिग्री के साथ टूटा रिकॉर्ड, 2 दिन का रेड अलर्ट जारी