West Bengal Honey Trap Pakistan: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, अर्पिता सरकार नाम की महिला को झारखंड के साहेबगंज से गिरफ्तार किया गया.
इसके बाद उसे पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल के बर्धमान लाया गया. इससे पहले पुलिस ने बर्धमान से मोहम्मद हामिद मंडल नाम के एक संदिग्ध व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया था.
महिला और संदिग्ध के बीच लगातार था संपर्क
जांच एजेंसियों का कहना है कि अर्पिता सरकार और हामिद मंडल के बीच लगातार संपर्क था. शुरुआती जांच में दोनों के बीच व्हाट्सएप पर हुई बातचीत भी सामने आई है. पुलिस का दावा है कि महिला मंडल की करीबी सहयोगी थी और दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे.
VIP से जुड़ी जानकारी जुटाने का आरोप
STF के अनुसार, हामिद मंडल पर ऐसे नेटवर्क से जुड़े होने का शक है, जो भारत विरोधी गतिविधियों के लिए काम कर रहा था. जांच एजेंसियों का दावा है कि उसका काम कुछ प्रमुख नेताओं और अन्य महत्वपूर्ण लोगों की जानकारी जुटाना, लोगों को जोड़ना और संदिग्ध गतिविधियों के लिए नेटवर्क तैयार करना था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस जानकारी का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.
'हनी ट्रैप' एंगल की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को शक है कि महिला का इस्तेमाल कुछ लोगों से संपर्क बनाने और उनकी निजी जानकारी हासिल करने के लिए किया गया. अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि महिला की भूमिका कितनी बड़ी थी और उसने किन-किन लोगों से संपर्क किया था.
कई पहलुओं पर जारी है जांच
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या जुटाई गई जानकारी का इस्तेमाल किसी हमले या दूसरी गैरकानूनी गतिविधि की योजना बनाने के लिए किया जाना था. फिलहाल मामले में डिजिटल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच की जा रही है.
संदिग्ध की गतिविधियों पर भी नजर
जांच एजेंसियों का कहना है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, हामिद मंडल कुछ प्रमुख राजनीतिक नेताओं की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रख रहा था. हालांकि मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी.
ये भी पढ़ें- कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को मिला एक और गोल्ड, कनाडा की बॉक्सर को हराकर प्रीति पवार ने रचा इतिहास