लड़की के होंठ छूना, दबाना या बगल में सोना क्राइम नहीं? दिल्ली हाइकोर्ट ने सुनाया ये फैसला

पोक्सो एक्ट बच्चों को यौन शोषण और यौन उत्पीड़न से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कानून है, जो बच्चों के अधिकारों का संरक्षण करता है.

Is it not a crime to touch a girl Delhi High Court verdict
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Freepik

दिल्ली हाईकोर्ट ने पोक्सो एक्ट (POCSO Act) से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में फैसला सुनाया है. कोर्ट ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी लड़की के होंठों को बिना किसी यौन इरादे के छूता या दबाता है, तो इसे पोक्सो एक्ट के तहत अपराध नहीं माना जा सकता. न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने यह महत्वपूर्ण निर्णय दिया कि लड़की के होंठों को छूना, दबाना या उसके पास सोना, पोक्सो एक्ट के तहत यौन अपराध नहीं माने जा सकते. इसके चलते "गंभीर यौन हमले" के मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती है.

क्या है पोक्सो एक्ट?

पोक्सो एक्ट बच्चों को यौन शोषण और यौन उत्पीड़न से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कानून है, जो बच्चों के अधिकारों का संरक्षण करता है. इसके तहत बच्चों के साथ हुए यौन अपराधों पर कड़ी सजा का प्रावधान है, लेकिन इस कानून के तहत आरोपों को साबित करने के लिए आवश्यक है कि यौन उत्पीड़न या शोषण का कोई स्पष्ट इरादा या सबूत हो.

क्या था मामला?

यह मामला एक नाबालिग लड़की के चाचा द्वारा दायर की गई याचिका से जुड़ा था, जिसमें उसने आईपीसी (IPC) की धारा 354 और पोक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत आरोप तय किए जाने के खिलाफ याचिका दायर की थी. लड़की ने अपने चाचा पर आरोप लगाया था कि उसने उसके होंठों को छुआ और दबाया, और उसके बगल में लेटने की कोशिश की, जिससे वह असहज महसूस करती थी.

कोर्ट ने इस पर विचार करते हुए कहा कि इस मामले में आईपीसी की धारा 354 के तहत महिला की गरिमा को भंग करने का स्पष्ट मामला बनता है, क्योंकि लड़की को शारीरिक रूप से असहज स्थिति में डाला गया था. हालांकि, पोक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत उसे आरोपमुक्त कर दिया, क्योंकि इस मामले में यौन उत्पीड़न के कोई संकेत नहीं मिले थे.

महत्वपूर्ण टिप्पणियां और अदालत का विश्लेषण

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में देश की सर्वोच्च अदालत के निर्णयों का हवाला दिया और कहा कि पीड़िता ने किसी भी यौन शोषण का आरोप नहीं लगाया है. न ही उसने अपने किसी बयान में यह कहा है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था या उसे यौन शोषण का शिकार बनाने की कोशिश की गई थी. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि लड़की ने अपने बयानों में यौन इरादे के कोई संकेत नहीं दिए हैं, जो पोक्सो एक्ट के तहत अपराध के लिए आवश्यक होते हैं.

कोर्ट ने यह भी माना कि लड़की एक बाल देखभाल संस्थान में रहती थी और परिवार से मिलने आई थी. इस स्थिति में परिवार के किसी सदस्य द्वारा किए गए शारीरिक संपर्क को असहजता से कहीं ज्यादा माना गया और यह उसकी गरिमा का उल्लंघन माना गया. कोर्ट ने कहा कि यह शारीरिक स्वायत्तता का उल्लंघन था, लेकिन इसमें यौन इरादे की कोई पुष्टि नहीं मिली.

ये भी पढ़ेंः डोनाल्ड ट्रंप ने 'दोस्त' पुतिन को भी नहीं छोड़ा, अब रूस पर भी लेंगे सख्त एक्शन; जेलेंस्की हो जाएंगे गदगद