Iran Plan to attack Israel: ईरान अपने सहयोगी गुटों के साथ मिलकर इजरायल के खिलाफ एक साथ कई जगहों से हमला करने की तैयारी कर रहा है. यह हमला 7 अक्टूबर 2023 को हमास की ओर से किए गए हमले जैसा हो सकता है. इजरायली वेबसाइट द यरूशलम पोस्ट ने खुफिया सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सेना इजरायल के खिलाफ बड़े अभियान के लिए लेबनान में हिजबुल्लाह, गाजा में हमास, यमन में हूती विद्रोहियों और इराक में शिया मिलिशिया के साथ तालमेल कर रही है.
7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले को हाल के वर्षों के सबसे बड़े हमलों में गिना जाता है. हमास के नेतृत्व में गाजा से दक्षिणी इजरायल पर हुए इस हमले में 1,200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. हमास के लड़ाकों ने जमीन, हवा और समुद्र के रास्ते हमला किया था. नोवा संगीत समारोह को भी निशाना बनाया गया था और बड़ी संख्या में इजरायली लोगों को बंधक बना लिया गया था. इस हमले ने इजरायल को बड़ा झटका दिया था.
क्या है ईरान का कथित प्लान?
इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान जिस अभियान की तैयारी कर रहा है, उसका मकसद उसके सहयोगी गुटों को एक साथ लाना है. इसके तहत ईरान की कोशिश हिजबुल्लाह, हमास, हूती विद्रोहियों और इराक में उसके समर्थन वाले शिया मिलिशिया के साथ मिलकर एक बड़ा अभियान चलाने की है.
ईरान एक बार फिर 'एक्सिस ऑफ रेजिस्टेंस' यानी प्रतिरोध धुरी को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. यह ईरान के नेतृत्व वाला अनौपचारिक गठबंधन है, जिसमें कई सरकारी और गैर-सरकारी गुट शामिल हैं. इसका मुख्य लक्ष्य इजरायल, अमेरिका और क्षेत्र में ईरान के विरोधियों का मुकाबला करना है. रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान की योजना इन सभी गुटों को एक साथ सक्रिय कर इजरायल पर कई मोर्चों से दबाव बनाने की है.
हमास के नेतृत्व में भी हुआ बदलाव
रिपोर्ट में हमास के नेतृत्व में हुए बदलाव को भी अहम बताया गया है. समूह के नए नेता खलील अल-हय्या के ईरान के साथ अच्छे संबंध बताए जाते हैं और वह तेहरान के संपर्क में है. दावा है कि हमास और हिजबुल्लाह ने हाल के हफ्तों में ईरान की मदद से अपनी गतिविधियों को बढ़ाने के लिए आपस में तालमेल शुरू किया है.
इजरायल और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है. हाल के समय में यह तनाव और ज्यादा बढ़ा है. इजरायल और अमेरिका की ओर से पिछले साल ईरान पर हमले किए जाने की बात सामने आई थी. इस साल 28 फरवरी के बाद से भी दोनों पक्षों के बीच संघर्ष जारी रहने की खबरें हैं. इजरायल लगातार आरोप लगाता रहा है कि ईरान उसके खिलाफ हमले की तैयारी और साजिश कर रहा है.
ये भी पढ़ें- 'भूलना मत की दिल्ली किसकी थी', हाफिज सईद के बेटे का भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान, कहा- जिहाद जारी रहेगा