'भूलना मत की दिल्ली किसकी थी', हाफिज सईद के बेटे का भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान, कहा- जिहाद जारी रहेगा

पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद का एक और वीडियो सामने आया है. इसमें वह एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान देता नजर आ रहा है.

Hafiz Saeed son Talha Saeed Target India says Jihad will continue Asim Munir
Image Source: Social Media

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद का एक और वीडियो सामने आया है. इसमें वह एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान देता नजर आ रहा है. भारत के खिलाफ जिहाद और दिल्ली पर कब्जे की बातें करने वाले तल्हा ने इस बार कहा कि भारत की सत्ता में बैठे लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि दिल्ली किसकी थी. उसने कहा कि दिल्ली पर कई सदियों तक मुस्लिम शासकों का शासन रहा है.

तल्हा सईद का यह वीडियो ऑसिनटीवी ने साझा किया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 5 सितंबर को शेखूपुरा में दिए गए उसके भाषण का है. वीडियो में तल्हा कहता है कि जब तक वह जिंदा है, जिहाद और कुर्बानी जारी रहेगी. उसने कहा कि दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों को याद रखना चाहिए कि दिल्ली पर करीब 500 साल तक किसका शासन रहा और यह शहर किसका था.

असीम मुनीर की जमकर तारीफ

तल्हा ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की धार्मिक सोच और उनके रुख की भी तारीफ की. उसने कहा कि पाकिस्तान को ऐसा सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल मिला है, जो जिहाद, ईमान और धार्मिकता की बातें करता है. तल्हा ने इसे पाकिस्तान की खुशकिस्मती बताया और कहा कि देश को ऐसे सेना प्रमुख पर खुश होना चाहिए.

संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक आतंकवादियों की सूची में शामिल हाफिज सईद को पाकिस्तान की अदालत से सजा मिलने के बाद तल्हा लगातार सक्रिय नजर आया है. पिछले कुछ वर्षों में उसने पाकिस्तान के कई शहरों में रैलियां की हैं. वह मरकजी मुस्लिम लीग नाम से राजनीतिक पार्टी बनाकर चुनाव भी लड़ चुका है, लेकिन उसे जीत नहीं मिली.

क्या तल्हा को मिली लश्कर की कमान?

माना जाता है कि लश्कर-ए-तैयबा की जिम्मेदारी अब काफी हद तक हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद के हाथ में है. संगठन को मजबूत करने के लिए वह पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में जाकर रैलियां कर रहा है. खासतौर पर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पंजाब में संगठन की गतिविधियां बढ़ाने की कोशिशों की बातें सामने आती रही हैं.

लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और 26/11 मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद को सजा मिलने के बाद पाकिस्तान का कहना है कि वह जेल में है. हालांकि, समय-समय पर ऐसी रिपोर्ट सामने आती रही हैं कि वह जेल के बजाय किसी सुरक्षित जगह पर रह रहा है. पाकिस्तान ने हाफिज सईद को आखिर कहां रखा है, इसकी सही जानकारी अब तक साफ नहीं है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना का भारत के खिलाफ नया प्रोपेगेंडा! 21 आतंकियों को मारने का किया दावा, फिर जोड़ा नाम