ईरान ने रूस से खरीदे Su-35 लड़ाकू विमान, पायलटों की ट्रेनिंग भी हुई पूरी, F-35 को टक्कर देने की तैयारी!

ईरान और रूस के बीच Su-35 लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी. अब ईरानी सेना ने इस सौदे पर आधिकारिक बयान दिया है. सेना के प्रवक्ता ने बताया कि रूस से Su-35 विमानों की खरीद की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

Iran has purchased Su-35 fighter jets from Russia delivery after US war
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

ईरान और रूस के बीच Su-35 लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी. अब ईरानी सेना ने इस सौदे पर आधिकारिक बयान दिया है. सेना के प्रवक्ता ने बताया कि रूस से Su-35 विमानों की खरीद की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. हालांकि, अभी इन विमानों की डिलीवरी नहीं हुई है. ईरान को ये विमान मौजूदा युद्ध खत्म होने के बाद मिलेंगे.

ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने ताबनाक और बिटरन को दिए एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी. शहरारा न्यूज के मुताबिक, रूस से Su-35 खरीदने को लेकर सेना की ओर से यह पहला सीधा आधिकारिक बयान है.

खरीद का समझौता पूरा, पायलटों की ट्रेनिंग भी खत्म

ब्रिगेडियर जनरल अकरमिनिया ने बताया कि Su-35 विमानों की खरीद और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी शुरुआती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. उनके मुताबिक, यह काम सेना के बजाय दूसरी संबंधित संस्थाओं ने किया है.

उन्होंने यह भी बताया कि ईरानी पायलटों की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है. योजना के मुताबिक, विमानों की डिलीवरी युद्ध शुरू होने से पहले होनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. अब युद्ध खत्म होने के बाद ही ईरान को ये लड़ाकू विमान मिलेंगे.

इसका मतलब है कि खरीद से जुड़ी प्रक्रिया और पायलटों की तैयारी पूरी होने का दावा किया गया है, लेकिन रूसी विमान अभी ईरान नहीं पहुंचे हैं.

रडार और सैटेलाइट क्षमता बढ़ाने में जुटा ईरान

Su-35 के अलावा ईरानी सेना के प्रवक्ता ने वायुसेना की दूसरी तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ईरान के पास AWACS विमान हैं. इनमें खास तरह के रडार लगे होते हैं, जिनकी मदद से आसमान में दूर तक विमानों और दूसरी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है.

अकरमिनिया ने कहा कि किसी भी आधुनिक वायुसेना के लिए जमीन पर लगे रडार, हवा में निगरानी करने वाले सिस्टम और सैटेलाइट क्षमता जरूरी हैं. ईरान इंटरनेशनल के मुताबिक, ईरान इन क्षेत्रों के साथ-साथ पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान विकसित करने पर भी काम कर रहा है.

क्या ईरान पहुंच चुके हैं रूस के Su-35 विमान?

ईरानी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, रूस ने अभी तक Su-35 लड़ाकू विमानों की डिलीवरी नहीं की है. इससे पहले कुछ सरकारी प्रसारण से जुड़े विश्लेषकों ने दावा किया था कि ये विमान ईरान पहुंच चुके हैं.

हालांकि, सेना के प्रवक्ता के ताजा बयान से साफ है कि विमानों की डिलीवरी अभी बाकी है. यानी रूस से Su-35 खरीदने का समझौता पूरा होने और लड़ाकू विमानों के ईरान पहुंचने में अभी समय लगेगा.