Kal Ka Mausam 1 November: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बदला हुआ मिजाज लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है. कहीं बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, तो कहीं तापमान में गिरावट के साथ ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. राजधानी दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया है. वहीं, बिहार में आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है. इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती तूफान भी तेजी से विकसित हो रहा है, जिसके 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 को देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि रविवार को दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है.
दिल्ली-NCR में बारिश के बाद बढ़ी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से लगातार दूसरे दिन बारिश देखने को मिली है. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और सुबह-शाम ठंड का अहसास बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 1 नवंबर को राजधानी में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की हवाएं चलेंगी, जबकि दोपहर में इनकी रफ्तार बढ़कर 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, 2 नवंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बारिश और तेज हवाओं का एक सकारात्मक असर दिल्ली-एनसीआर की हवा पर भी पड़ा है. वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण काफी हद तक साफ हुए हैं. इसके चलते दिल्ली समेत एनसीआर के कई प्रमुख शहरों के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार देखने को मिला है.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, पूर्वी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है.
बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट
बिहार में मौसम का मिजाज लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने भोजपुर, सारण, सीवान, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, बांका, भागलपुर, लखीसराय, बेगूसराय और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया है.
वहीं, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. इसके अलावा सीतामढ़ी और मधुबनी में रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में मौसम की स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल भारी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 नवंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह शुष्क रह सकता है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश होने की संभावना है. राज्य में भारी बारिश को लेकर फिलहाल कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. राज्य के किन्नौर, लाहौल-स्पीति और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. हालांकि, 1 से 3 नवंबर के बीच बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और ऊना समेत राज्य के ज्यादातर मैदानी और मध्य-पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया चक्रवाती तूफान
चक्रवात अर्नब के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती सिस्टम विकसित हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है. इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. अनुमान है कि यह तूफान 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, संभावित चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. वहीं, हवा के झोंकों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके मंगलवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने का अनुमान है.
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे अंडमान सागर के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर को और मजबूत हुआ. इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. अगले 12 घंटों के दौरान इसके निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने और फिर अगले 12 घंटों में और तीव्र होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान जताया गया है. पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 नवंबर की शाम तक यह सिस्टम दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास से गुजरते हुए आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है. इसके बाद 3 नवंबर को तट से टकराने की आशंका है.
ऐसे में आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. मछुआरों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की ओर से जारी होने वाले ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारी बारिश: केरल, आंध्र प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश.
मध्यम बारिश: तमिलनाडु, पुडुचेरी,कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़.
हल्की बारिश: बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा और महाराष्ट्र
ये भी पढ़ें: सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर एकता परेड में शामिल हुए PM मोदी, 400 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात