National Unity Day 2026: गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया जा रहा है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकता परेड में शामिल हुए और उन्होंने परेड की सलामी ली. इस भव्य आयोजन में एंटी-नक्सल अभियान से जुड़े सुरक्षा बल, डॉग स्क्वाड और 5 हजार से अधिक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सभी को देश की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प भी दिलाया. एकता परेड के जरिए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है.
PM मोदी ने दिलाई देश की सुरक्षा की शपथ
PM मोदी ने कहा, मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा. मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका. मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुरक्षित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं. भारत माता की जय!
#WATCH | Gujarat | Prime Minister Narendra Modi administers the oath of unity on the occasion of Rashtriya Ekta Diwas, the birth anniversary of Sardar Vallabhbhai Patel. (Source: DD) https://t.co/OkZasJAIWK
— ANI (@ANI) October 31, 2026
पीएम मोदी ने सरदार पटेल को किया नमन
सरदार पटेल की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के एकता नगर पहुंचे, जहां उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित कर लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद प्रधानमंत्री ने एकता नगर को 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इनमें 47 हजार वर्ग मीटर में फैला रेन फॉरेस्ट और 220 मीटर लंबे ग्लास स्काईवॉक का उद्घाटन शामिल है. इसके अलावा भारत के सबसे बड़े बोनसाई गार्डन की शुरुआत की गई. पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 127 कमरों वाले IRCTC होटल का भी शुभारंभ किया गया.
एकता परेड में सुरक्षा बलों और हजारों कलाकारों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर आयोजित एकता परेड में देश की सुरक्षा में जुटे विभिन्न बलों ने अपनी ताकत और कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया. परेड में एंटी-नक्सल अभियान से जुड़े सुरक्षा बलों के साथ डॉग स्क्वाड भी शामिल हुआ. इसके अलावा 5 हजार से अधिक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता को प्रदर्शित किया. प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान देशवासियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया.
सरदार पटेल के योगदान को याद कर बोले पीएम मोदी
हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है. आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में सरदार पटेल ने अहम भूमिका निभाई थी. उनके इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में राष्ट्रीय एकीकरण और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने एक मजबूत, समृद्ध और सक्षम देश के निर्माण के लिए अपनी जिंदगी समर्पित कर दी.
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें