Hardik Pandya Trade: हार्दिक पांड्या के IPL टीम बदलने की चर्चा तेज हो गई है. अब इस ट्रेड डील में पंजाब किंग्स की एंट्री हो गई है. खबरों के मुताबिक, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हार्दिक को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है. इस डील के तहत अर्शदीप सिंह और विष्णु विनोद मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन सकते हैं.
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या के बदले अर्शदीप सिंह और विष्णु विनोद को मुंबई भेजने पर दोनों फ्रेंचाइजी के बीच सहमति बन गई है. हालांकि, इस ट्रेड को अभी IPL अधिकारियों की मंजूरी मिलनी बाकी है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसी सप्ताह इस डील की आधिकारिक घोषणा हो सकती है.
मुंबई इंडियंस की तरफ से आया था ट्रेड का प्रस्ताव
रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने का प्रस्ताव सबसे पहले मुंबई इंडियंस की ओर से आया था. फ्रेंचाइजी उनके बदले एक तेज गेंदबाज को टीम में शामिल करना चाहती थी. इसके बाद पंजाब किंग्स के सामने हार्दिक को लेने का विकल्प रखा गया और अर्शदीप सिंह के साथ विष्णु विनोद को मुंबई भेजने पर बात आगे बढ़ी.
बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस ने हार्दिक के ट्रेड के लिए तीन फ्रेंचाइजी से संपर्क किया था. इनमें से कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी बातचीत काफी आगे बढ़ी थी. वहां हार्दिक के बदले एक से ज्यादा खिलाड़ियों को ट्रेड करने पर विचार किया गया था.
अर्शदीप के जाने से पंजाब में खाली होगी जगह
अगर अर्शदीप सिंह पंजाब किंग्स छोड़कर मुंबई इंडियंस में शामिल होते हैं, तो रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली टीम को बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की कमी खलेगी. ऐसे में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एक और ट्रेड की चर्चा है. इस डील में मोहसिन खान और मार्कस स्टोइनिस की अदला-बदली हो सकती है.
हार्दिक पांड्या के पंजाब में आने से टीम के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस की भूमिका पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि, इस संभावित ट्रेड को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हार्दिक और अर्शदीप को कितनी मिल रही थी सैलरी?
IPL 2026 के लिए मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. वहीं, पंजाब किंग्स ने अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपये दिए थे. अगर दोनों खिलाड़ियों की टीमें बदलती हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि नई फ्रेंचाइजी में उनकी सैलरी कितनी तय होती है.
फिलहाल हार्दिक, अर्शदीप और विष्णु विनोद से जुड़ी इस ट्रेड डील पर IPL की आधिकारिक मुहर लगना बाकी है.
ये भी पढ़ें- नेपाल में लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक भारतीय की मौत, देखें Video