नेपाल में लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक भारतीय की मौत, देखें Video

नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए.

Two helicopters collide while landing in Nepal one Indian Dead video
Image Source: Social Media

Nepal Helicopters Collide: नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के थे. हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान बसंत कुमार बालारामारामडु के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में भारतीय नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल और न्यूजीलैंड का एक नागरिक शामिल है.

हेलीकॉप्टर में सवार यात्री की मौत

सोलुखुम्बू के पुलिस चीफ मौसम तमांग ने बताया कि दोनों हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय आपस में टकरा गए. इस हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार एक यात्री की मौत हो गई. वहीं, घायल हुए दोनों लोगों को हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

हादसे का वीडियो आया सामने

इस दुर्घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. इसमें दोनों हेलीकॉप्टरों को अलग-अलग दिशाओं से आते और आपस में टकराते देखा जा सकता है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही सिमरिक एयर का एक हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंच गया और बचाव कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन रबिंद्र प्रजापति थे.

फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम जारी है. अधिकारियों ने हादसे में हताहत हुए लोगों की पुष्टि की है. दुर्घटना की अन्य जानकारी जुटाई जा रही है.