RCB vs MI: IPL 2026 में रविवार को डबल हेडर का दूसरा मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. RCB की नजर जीत के साथ अंक तालिका में टॉप पर पहुंचने पर होगी, जबकि मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है. अगर MI को हार मिलती है तो टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो सकती हैं. यह हाईवोल्टेज मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा.
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आखिरी IPL मैच साल 2016 में खेला गया था. इसके बाद इस मैदान पर केवल कुछ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले ही हुए हैं. लंबे समय बाद IPL की वापसी होने के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ियों के पास यहां खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है. यही वजह है कि पिच का व्यवहार मैच में अहम भूमिका निभा सकता है.
कैसी रहेगी रायपुर की पिच?
रायपुर की पिच को आमतौर पर धीमा माना जाता है, लेकिन इस मुकाबले के लिए तैयार की गई फ्रेश विकेट बल्लेबाजों को मदद पहुंचा सकती है. मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त बाउंस मिलने की संभावना है. हालांकि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच धीमी हो सकती है और स्पिन गेंदबाज प्रभाव डाल सकते हैं.
फिर भी विकेट ज्यादा टर्न लेने वाली नहीं मानी जा रही, इसलिए बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं. ऐसे में फैंस को हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है.
बारिश और ओस भी बन सकती है बड़ा फैक्टर
मैच से एक दिन पहले रायपुर में बारिश हुई थी, लेकिन रविवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है. शाम के समय ओस का असर देखने को मिल सकता है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सकती है. इसी वजह से टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है.
जीत के साथ नंबर-1 बन सकती है RCB
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन अब तक 10 मैचों में 6 जीत हासिल की हैं. टीम के खाते में 12 अंक हैं और उसका नेट रन रेट भी काफी मजबूत है. अगर RCB इस मुकाबले को जीत लेती है तो वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर सकती है.
हालांकि बेंगलुरु को पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, इसलिए टीम वापसी की उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेगी.
मुंबई इंडियंस के लिए हर मैच फाइनल
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इस सीजन निराशाजनक रहा है. टीम ने 10 में से केवल 3 मैच जीते हैं जबकि 7 मुकाबलों में हार मिली है. ऐसे में अब मुंबई के लिए हर मैच जीतना जरूरी हो गया है. अगर टीम यहां हारती है तो प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो सकती है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं फैंस जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे.
ये भी पढ़ें- Agni-5: एक मिसाइल से कई टारगेट होंगे तबाह, भारत ने किया अग्नि-5 का सफल परीक्षण, जानें ताकत और खासियत