RCB vs DC: दिल्ली के खिलाफ इतिहास रचेंगे विराट कोहली! निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 में शुरुआती मैचों के दौरान भले ही विराट कोहली की फिटनेस को लेकर कुछ सवाल उठे हों, लेकिन एक बात हमेशा तय रहती है- जब कोहली मैदान पर उतरते हैं, तो रिकॉर्ड बनते ही हैं.

IPL 2026 RCB vs DC Virat Kohli can create most runs and six records
Image Source: ANI

RCB vs DC: आईपीएल 2026 में शुरुआती मैचों के दौरान भले ही विराट कोहली की फिटनेस को लेकर कुछ सवाल उठे हों, लेकिन एक बात हमेशा तय रहती है- जब कोहली मैदान पर उतरते हैं, तो रिकॉर्ड बनते ही हैं. दिल्ली के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल सकता है, जहां कोहली के पास कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम करने का शानदार मौका होगा.

शनिवार, 18 अप्रैल को डबल हेडर के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा. यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो कोहली के लिए बेहद खास मैदान रहा है. इस मैदान पर उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं और ढेरों रिकॉर्ड बनाए हैं.

300 छक्कों के बेहद करीब

विराट कोहली आईपीएल में अपने 300 छक्के पूरे करने से सिर्फ एक छक्का दूर हैं. अगर वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वह क्रिस गेल और रोहित शर्मा के बाद ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.

खास बात यह है कि एक ही टीम के लिए टी20 क्रिकेट में 300 छक्के लगाने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन सकते हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड होगा.

9000 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा

इस मुकाबले में कोहली के पास आईपीएल में 9000 रन पूरे करने का भी मौका है. इसके लिए उन्हें 111 रन की जरूरत है. फिलहाल उनके नाम 272 मैचों में 8889 रन दर्ज हैं. अगर वह यह आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.

चिन्नास्वामी में 150 छक्कों का रिकॉर्ड

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम कोहली का पसंदीदा मैदान रहा है. अगर वह इस मैच में 6 या उससे ज्यादा छक्के लगाते हैं, तो वह एक ही मैदान पर 150 आईपीएल छक्के पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

भारत में 10,000 टी20 रन का मौका

अगर कोहली इस मैच में शतक नहीं भी लगा पाते हैं, तब भी उनके पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका रहेगा. अगर वह कम से कम 68 रन बना लेते हैं, तो भारत में उनके 10,000 टी20 रन पूरे हो जाएंगे. ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: ये 4 राशि वाले प्यार में बरतें सावधानी! वृषभ वाले करेंगे रोमांस, जानें आज का लव राशिफल