IPL 2026: मुंबई इंडियंस को रौंद कर प्लेऑफ में पहुंची राजस्थान रॉयल्स, आर्चर ने लूटी महफिल

RR vs MI: आईपीएल 2026 के 69वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराकर प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के लिए जीत बेहद जरूरी थी और टीम ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए टॉप-4 में अपनी जगह पक्की कर ली.

IPL 2026 Rajasthan Royals reached the playoffs by defeating Mumbai Indians Archer stole the show
Image Source: ANI

RR vs MI: आईपीएल 2026 के 69वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराकर प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के लिए जीत बेहद जरूरी थी और टीम ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए टॉप-4 में अपनी जगह पक्की कर ली. इस जीत के सबसे बड़े हीरो जोफ्रा आर्चर रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदल दिया.

शुरुआत लड़खड़ाई, फिर आर्चर ने संभाली पारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 205 रन बनाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. यशस्वी जायसवाल 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 4 रन ही बना सके. ध्रुव जुरेल ने 38 रन बनाए, लेकिन कप्तान रियान पराग भी 14 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए. एक समय राजस्थान ने 119 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे.

इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का मोमेंटम बदल दिया. उन्होंने केवल 15 गेंदों में 32 रन ठोक दिए. इस पारी में आर्चर ने 1 चौका और 3 लंबे छक्के लगाए. उनकी तेज बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान 200 रन के पार पहुंचने में सफल रहा. मुंबई इंडियंस की ओर से दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों ने अंत के ओवरों में तेजी से रन जोड़ दिए.

गेंद से भी चमके आर्चर

206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा को बिना खाता खोले आउट कर दिया. इसके बाद उन्होंने नमन धीर को भी चलता किया. रायन रिकल्टन 12 रन बनाकर आउट हुए.

हालांकि सूर्यकुमार यादव ने 60 रन की जुझारू पारी खेली और विल जैक्स ने 33 रन बनाए. कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी 34 रन बनाए, लेकिन राजस्थान के गेंदबाज लगातार दबाव बनाते रहे. मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन ही बना सकी.

राजस्थान के गेंदबाजों ने दिखाया दम

राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके और बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी मैच विनर साबित हुए. उनके अलावा टीम के अन्य गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. बृजेश शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि युवा स्पिनर यश राज पुंजा ने भी 2 बल्लेबाजों को आउट कर मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

प्लेऑफ में पहुंची राजस्थान

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली. टीम ने करो या मरो के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया, जबकि मुंबई इंडियंस के लिए यह हार सीजन का अंत साबित हुई. राजस्थान के लिए अब सबसे बड़ी राहत यह है कि टीम का संतुलन सही समय पर नजर आ रहा है और जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ी फॉर्म में लौट चुके हैं.

ये भी पढ़ें- रूस का यूक्रेन पर सबसे घातक अटैक, इस हाइपरसोनिक मिसाइल का किया इस्तेमाल; इलाके में मची तबाही