KKR vs PBKS: आईपीएल 2026 का 12वां मुकाबला बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका, जब कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा मैच रद्द करना पड़ा. कोलकाता के मशहूर ईडन गार्डन्स में लगातार हो रही बारिश ने खेल को इस कदर प्रभावित किया कि मुकाबला बिना किसी नतीजे के खत्म करना पड़ा. इसके चलते दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा.
दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब इन दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर मैच बारिश की भेंट चढ़ा हो. इससे पहले IPL 2025 में भी 26 अप्रैल को इसी मैदान पर दोनों टीमें आमने-सामने थीं, लेकिन तब भी मौसम ने खेल बिगाड़ दिया था. उस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो टीम सिर्फ 7 रन ही बना पाई थी कि बारिश ने फिर से खलल डाल दिया और मैच रद्द कर दिया गया.
दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया
इस बार IPL 2026 में भी ठीक वैसा ही नजारा देखने को मिला. फर्क सिर्फ इतना रहा कि इस बार मैच की पहली पारी भी पूरी नहीं हो पाई. लगातार बारिश के चलते अंपायरों को मजबूरी में मैच रद्द घोषित करना पड़ा. इस फैसले के बाद अंक तालिका में दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया, जिससे कोलकाता नाइट राइडर्स का इस सीजन में खाता खुल गया.
सोशल मीडिया पर छाया मजाकिया अंदाज
मैच रद्द होने के बाद सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा छिड़ गई. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर का एक इंस्टाग्राम वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने मजाकिया लहजे में कोलकाता टीम पर तंज कसा.
वीडियो में वह कहती नजर आईं कि “पंजाबियों का दिल बड़ा होता है, चलो एक पॉइंट दे दिया.” इस हल्के-फुल्के मजाक को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर यह क्लिप तेजी से शेयर की जा रही है. खास बात यह है कि कोलकाता टीम के सह-मालिक शाहरुख खान हैं, जिस वजह से यह मजाक और भी ज्यादा चर्चा में आ गया.
पॉइंट्स टेबल पर असर
मैच रद्द होने के बाद पॉइंट्स टेबल में भी हलचल देखने को मिली है. पंजाब किंग्स ने 3 मैचों में 5 अंक हासिल कर लिए हैं और टीम फिलहाल पहले स्थान पर बनी हुई है. दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स को इस मुकाबले से पहला अंक मिला है, लेकिन टीम अभी भी 3 मैचों में सिर्फ 1 अंक के साथ आठवें स्थान पर है.
ये भी पढ़ें- Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल