Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

अगर आप आज सुबह ऑफिस या स्कूल के लिए निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई है. कहीं हल्की फुहारें देखने को मिलीं तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई.

Early morning rain Hailstorm in Delhi-NCR IMD issued yellow alert
Image Source: ANI

Delhi Weather: अगर आप आज सुबह ऑफिस या स्कूल के लिए निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई है. कहीं हल्की फुहारें देखने को मिलीं तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई. इस अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी खड़ी कर दी है. ऐसे में घर से निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर चलना समझदारी होगी.

सुबह करीब 7 बजे के आसपास दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में आसमान में घने बादल छा गए और उसके बाद बारिश शुरू हो गई. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया. मौसम में आई इस ठंडक ने अप्रैल की गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन बाहर निकलने वालों के लिए सतर्क रहना जरूरी है. खासकर ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूली छात्र और अन्य यात्रियों को छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है.

आज और कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज इसी तरह बदला रहेगा. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है. इसके साथ ही धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.

इतना ही नहीं, मौसम विभाग ने इन दो दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है. गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है.

तापमान में आई गिरावट

बारिश और बादलों के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है. आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जो सामान्य से थोड़ा कम है.

हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली. मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अप्रैल के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है और गर्मी फिर से अपना असर दिखा सकती है.

ये भी पढ़ें- Love Horoscope: इन 3 राशिवालों का दिन होगा रोमांटिक, किसे मिलेगा नया प्यार? पढ़ें अपना लव राशिफल