IPL 2026, KKR Squad Analysis: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) एक बार फिर से चैंपियन बनने के मजबूत दावेदार के रूप में उभर कर सामने आई है. तीन बार की चैंपियन टीम ने मेगा ऑक्शन और रिटेंशन में स्मार्ट फैसले लिए हैं, लेकिन सीजन की शुरुआत से पहले ही टीम को कुछ बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर गेंदबाजी विभाग में चोटों की समस्या ने टीम के बैलेंस को प्रभावित किया है. ऐसे में यह सीजन कोलकाता के लिए आसान नहीं होने वाला है, लेकिन उनकी टीम में अभी भी कई मजबूत पहलू हैं जो उन्हें खिताब तक पहुंचने में मदद कर सकते हैं.
KKR ने तैयार की मजबूत टीम
KKR ने अपने कोर ग्रुप को मजबूती से बनाए रखा है और अजिंक्य रहाणे को कप्तान के रूप में रिटेन किया है. IPL 2025 में टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहाणे की अनुभव से भरपूर लीडरशिप टीम के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट साबित हो सकती है. इसके अलावा, सुनील नरेन, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा और वैभव अरोड़ा जैसे स्टार खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा गया है.
ऑक्शन में KKR ने सबसे बड़ा दांव ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर लगाया था, जिन्हें रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया. यह आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा विदेशी साइनिंग है. दूसरी महत्वपूर्ण खरीद मथीशा पथिराना की रही, जिन्हें 18 करोड़ में लिया गया था. पथिराना अपनी स्लींग एक्शन और डेथ ओवर्स में यॉर्कर गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और वह टीम के लिए एक अहम हथियार साबित हो सकते हैं.
पेस अटैक में चोटों का संकट
KKR ने अपनी टीम में बेशक कुछ मजबूत खिलाड़ी जोड़े हैं, लेकिन चोटों की वजह से गेंदबाजी विभाग को बड़ा धक्का लगा है. पेस अटैक में हर्षित राणा और मथीशा पथिराना जैसे अहम नामों के चोटिल होने से टीम के बैलेंस पर असर पड़ा है. हर्षित राणा तो IPL 2026 से बाहर हो चुके हैं, और पथिराना की फिटनेस पर भी सवाल उठ रहे हैं. पथिराना को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पिंडली में खिंचाव का सामना करना पड़ा था, जिससे उनकी उपलब्धता पर भी अनिश्चितता बनी हुई है. इन दोनों की गैरमौजूदगी में KKR का पेस अटैक अब वैभव अरोड़ा और अन्य विकल्पों पर निर्भर होगा, जिनमें आकाशदीप, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी शामिल हैं.
उमरान मलिक की तेज गेंदबाजी में स्पीड है, लेकिन उनका चोटों का इतिहास चिंता का विषय है. कार्तिक त्यागी के पास अनुभव की कमी है, लेकिन वह किसी भी समय मैच पलटने की क्षमता रखते हैं. टीम ने हाल ही में ब्लेसिंग मुजरबानी को भी टीम में शामिल किया है, जो एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं, लेकिन डेथ ओवर्स में पथिराना और हर्षित की कमी KKR को खल सकती है.
बल्लेबाजी और स्पिन गेंदबाजी में गहराई
KKR की बल्लेबाजी में गहराई और ताकत दोनों मौजूद हैं. टॉप ऑर्डर में फिन ऐलन और रहाणे की जोड़ी टीम को मजबूत शुरुआत दिला सकती है. कैमरन ग्रीन और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी फिनिशिंग रोल में टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं. इसके अलावा, लोअर ऑर्डर में रोवमैन पॉवेल, रमांदीप सिंह और अंगकृष रघुवंशी जैसे खिलाड़ी बल्लेबाजी में अतिरिक्त गहराई जोड़ते हैं.
टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी स्पिन गेंदबाजी है. सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती का मिस्ट्री स्पिन जोड़ी मध्य ओवर्स में विपक्षी बल्लेबाजों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है. खासकर कोलकाता के ईडन गार्डन्स की स्पिन-फ्रेंडली पिच पर इन दोनों का प्रभाव और भी बड़ा हो सकता है, जिससे KKR को मैचों में बढ़त मिल सकती है.
कोलकाता नाइट राइडर्स का स्क्वॉड
रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पावेल, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कैमरन ग्रीन, फिन ऐलन, मथीश पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम साइफर्ट, ब्लेसिंग मुजरबानी, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र और आकाशदीप.
ये भी पढ़ें: क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने ये दो खिलाड़ी, BCCI ने ट्रॉफी के साथ दिया बड़ा कैश अवॉर्ड; जानें पूरी डिटेल