IPL 2026: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले बड़ा फैसला लिया है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस मैच के लिए मुंबई इंडियंस का स्टैंड-इन कप्तान बनाया गया. साल 2013 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे बुमराह के लिए यह बेहद खास पल है, क्योंकि 13 साल में पहली बार उन्हें फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने का मौका मिला है.
मुंबई इंडियंस को यह बदलाव कप्तान हार्दिक पांड्या और कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी के कारण करना पड़ा. ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर भरोसा जताया.
हार्दिक और सूर्यकुमार की गैरमौजूदगी में मिला मौका
मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या इन दिनों कमर दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं. इसी वजह से वह पिछले कुछ मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं बन पाए और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के लिए धर्मशाला भी नहीं पहुंचे.
वहीं सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने पिछले दो मुकाबलों में टीम की कप्तानी की थी, व्यक्तिगत कारणों से इस मैच में उपलब्ध नहीं रहे. लगातार दो वरिष्ठ खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के बाद टीम को नया कप्तान चुनना पड़ा और यह जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह को सौंपी गई.
पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे बुमराह
जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के लिए कप्तानी का अनुभव रखते हैं. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में आयरलैंड दौरे पर भारत की कप्तानी की थी. इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टीम इंडिया की अगुवाई कर चुके हैं.
हालांकि आईपीएल में यह पहला मौका है जब वह किसी टीम की कप्तानी करते नजर आए. लंबे समय से मुंबई इंडियंस के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल बुमराह अब फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं.
मुंबई इंडियंस के कप्तानों की लिस्ट में बुमराह
मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब जसप्रीत बुमराह का नाम भी जुड़ गया है. उनसे पहले हरभजन सिंह, शॉन पॉलक, ड्वेन ब्रावो, रिकी पोंटिंग, कायरन पोलार्ड, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या इस टीम की कमान संभाल चुके हैं.
बुमराह ने कप्तान बनने के बाद टॉस के दौरान अपनी खुशी भी जाहिर की. उन्होंने कहा कि 19 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़ने के दौरान उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन वह टीम की कप्तानी करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जिम्मेदारी लेना पसंद है और वह इस नई चुनौती का आनंद लेना चाहते हैं.
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले के लिए प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को अंतिम एकादश में शामिल किया.
टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं, जबकि प्रभसिमरन सिंह विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे हैं.
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस की टीम में रयान रिकल्टन, नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और रघु शर्मा को मौका मिला.
बुमराह इस मैच में कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रयान रिकल्टन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
मुंबई इंडियंस के लिए अहम मुकाबला
आईपीएल 2026 का यह मुकाबला मुंबई इंडियंस के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. टीम प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है और ऐसे समय में कप्तानी में बदलाव बड़ा चर्चा का विषय बन गया है.
अब सभी की नजरें जसप्रीत बुमराह पर रहेंगी कि वह पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते हुए टीम को किस तरह संभालते हैं और क्या मुंबई इंडियंस को जीत दिला पाते हैं.
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी से प्रभसिमरन तक... इन 5 खिलाड़ियों को मिला IPL में प्रदर्शन का फल, इंडिया ए की टीम में जगह