Harsha Richhariya: प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान जिस नाम ने अचानक देशभर में पहचान बना ली थी, वही नाम अब एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह बिल्कुल अलग है. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हर्षा रिछारिया, जिन्होंने बीते एक साल पहले धर्म और आध्यात्म की राह चुनने का ऐलान किया था, अब उसी रास्ते से पीछे हटने का फैसला कर चुकी हैं. उनका कहना है कि इस सफर में उन्हें जितना आत्मिक सुकून मिला, उससे कहीं ज्यादा विरोध, मानसिक दबाव और चरित्र पर हमले झेलने पड़े.
हर्षा रिछारिया ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक भावुक वीडियो में अपने फैसले का ऐलान किया. वीडियो की शुरुआत में ही उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ से शुरू हुई उनकी यह कहानी अब अपने अंत की ओर है. उन्होंने बताया कि बीते एक साल में उन्हें लगातार विरोध का सामना करना पड़ा. शुरुआत प्रयागराज से हुई थी और उन्हें उम्मीद थी कि महाकुंभ के बाद सब कुछ शांत हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उनके मुताबिक, धर्म के रास्ते पर आगे बढ़ने की हर कोशिश को किसी न किसी रूप में रोका गया.
“मैंने कोई अपराध नहीं किया”
अपने बयान में हर्षा ने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया. न चोरी, न किसी के साथ अन्याय और न ही कोई अपराध. इसके बावजूद उन्हें निशाना बनाया गया. उन्होंने कहा कि जब एक लड़की को आप किसी और तरीके से तोड़ नहीं पाते, तो उसके चरित्र पर सवाल उठाए जाते हैं. यही उनके साथ भी हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ जानबूझकर चरित्र हनन की कोशिश की गई ताकि उनका मनोबल पूरी तरह टूट जाए.
धर्म को धंधा बनाने के आरोप
हर्षा रिछारिया ने उन आरोपों पर भी खुलकर बात की, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने महाकुंभ के जरिए धर्म को व्यवसाय बना लिया और करोड़ों रुपये कमा लिए. उन्होंने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि हकीकत इसके बिल्कुल उलट है. आज वह आर्थिक रूप से उधारी में हैं. धर्म की राह पर आने से पहले वह एक एंकर थीं, अपने काम से खुश थीं और अच्छी कमाई कर रही थीं. उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर में उनके पास आत्मविश्वास था और जीवन में स्थिरता भी.
अकेलेपन का बोझ
हर्षा ने वीडियो में यह भी स्वीकार किया कि इस पूरे संघर्ष के दौरान उनके साथ कोई खड़ा नहीं रहा. विरोध, आलोचना और आरोपों के बीच वह पूरी तरह अकेली पड़ गईं. माघ मेले के दौरान भी उन्हें इसी तरह के हालातों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि जब आप लगातार किसी के आत्मसम्मान पर चोट करते हैं, तो एक समय बाद वह इंसान टूटने लगता है.
“मैं मां सीता नहीं हूं”
अपने बयान के सबसे भावुक हिस्से में हर्षा ने कहा कि वह मां सीता नहीं हैं जो बार-बार अग्नि परीक्षा दें. उन्होंने कहा कि जो परीक्षा उन्हें देनी थी, वह वह दे चुकी हैं. अब वह और सफाई देने या खुद को साबित करने की स्थिति में नहीं हैं. उन्होंने साफ कहा कि हर किसी को अपनी आस्था अपने पास रखने का अधिकार है, लेकिन किसी और की आस्था को शक और अपमान की नजर से देखना गलत है.
धर्म की राह को विराम
हर्षा रिछारिया ने ऐलान किया कि माघ मेले में मौनी अमावस्या के दिन वह स्नान करेंगी और इसके साथ ही धर्म की राह पर चलने के अपने संकल्प को विराम देंगी. इसके बाद वह अपने पुराने पेशे में वापस लौटेंगी और वही काम करेंगी, जिससे उन्होंने पहले अपनी पहचान बनाई थी.
एक फैसला, कई मायने
हर्षा का यह फैसला सिर्फ एक व्यक्ति की निजी यात्रा का अंत नहीं है, बल्कि यह सवाल भी छोड़ जाता है कि क्या आज के दौर में आस्था और सार्वजनिक जीवन को साथ लेकर चल पाना आसान है. सोशल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में किसी का भी फैसला पल भर में बहस का मुद्दा बन जाता है. हर्षा रिछारिया की कहानी इसी टकराव की एक मिसाल बनकर सामने आई है, जहां आस्था, पहचान और समाज की अपेक्षाएं आपस में टकराती नजर आती हैं.
ये भी पढ़ें- Draft Voter List UP: वोटर लिस्ट में कैसे जुड़वाएं नाम, किन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत? जानिए सबकुछ