Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में मातम पसरा दिया. सांवेर थाना क्षेत्र के टेंशन चौराहे पर एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया. देखते ही देखते मकान का मलबा वहां मौजूद लोगों पर जा गिरा, जिसमें दबने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. घायल पांच लोगों को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल और अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. प्रशासन की ओर से घायलों को निशुल्क इलाज उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
मौके पर पहुंचे मंत्री तुलसी सिलावट
हादसे की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों से राहत-बचाव अभियान तथा हादसे की स्थिति की जानकारी ली. मंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. वहीं पुलिस और प्रशासन की टीमें मकान गिरने के कारणों की जांच में जुटी हैं.
मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख की आर्थिक मदद
सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए 20-20 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद देने की बात कही गई है. घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार की ओर से उठाया जाएगा और अस्पताल में उनका निशुल्क उपचार जारी रहेगा.
पहले ही जारी हो चुका था नोटिस
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल मकान की जर्जर हालत को लेकर उठ रहा है. बताया जा रहा है कि नगर परिषद की ओर से इस मकान को तोड़ने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था. इसके बावजूद मकान के खिलाफ समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. प्रशासन अब इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि नोटिस के बाद कार्रवाई में देरी की वजह क्या रही.
लापरवाही सामने आई तो होगी कार्रवाई
हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों के साथ-साथ संभावित लापरवाही की भी जांच कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी व्यक्ति या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल राहत-बचाव कार्य पूरा करने के साथ मामले की जांच जारी है और टेंशन चौराहे समेत आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: कल बिहार से केरल तक बरसेंगे बादल, दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बिजली का खतरा