India vs Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. गुवाहाटी में मंगलवार 19 मई को हुई चयन समिति की बैठक के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टीमों की घोषणा की.
इस बार चयन में कई बड़े फैसले देखने को मिले, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा ऋषभ पंत की उप-कप्तानी छिनने और केएल राहुल को नई जिम्मेदारी दिए जाने की हो रही है. इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पूरी सीरीज से आराम दिया गया है, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा दोनों टीमों से बाहर हैं.
ऋषभ पंत से छीनी गई उप-कप्तानी
भारतीय टेस्ट टीम में पिछले साल उप-कप्तान बनाए गए ऋषभ पंत को अब इस जिम्मेदारी से हटा दिया गया है. चयनकर्ताओं ने उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उप-कप्तान नियुक्त किया है. माना जा रहा है कि आईपीएल में कप्तानी के दौरान पंत की बल्लेबाजी पर दबाव साफ दिखाई दिया था, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट और चयन समिति ने यह बड़ा फैसला लिया.
हालांकि, पंत अभी भी टेस्ट टीम में मुख्य विकेटकीपर बने हुए हैं और टीम मैनेजमेंट का उन पर भरोसा कायम है. टेस्ट स्क्वॉड में ध्रुव जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के रूप में जगह मिली है.
🚨 News 🚨
— BCCI (@BCCI) May 19, 2026
Presenting #TeamIndia's squads for the @IDFCFIRSTBank Test match and the 3️⃣-match ODI series against Afghanistan in June 🙌#INDvAFG pic.twitter.com/hFiABALLld
वनडे टीम से भी बाहर हुए पंत
ऋषभ पंत की खराब फॉर्म का असर अब वनडे टीम पर भी दिखाई दिया है. टी20 टीम से बाहर होने के बाद अब उन्हें वनडे स्क्वॉड में भी जगह नहीं मिली. उनकी जगह ईशान किशन की वापसी हुई है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और हालिया टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया था.
ईशान किशन करीब ढाई साल बाद भारतीय वनडे टीम में लौटे हैं. उन्होंने अपना पिछला वनडे मुकाबला 2023 विश्व कप के दौरान खेला था. वहीं, संजू सैमसन की वापसी की उम्मीदों को फिर झटका लगा है क्योंकि उन्हें एक बार फिर चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया.
बुमराह और जडेजा को आराम
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस पूरी सीरीज से आराम दिया गया है. माना जा रहा है कि आगामी बड़े टूर्नामेंटों और व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उन्हें पूरी तरह फिट रखना चाहता है. दूसरी ओर, अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में शामिल नहीं किया गया है.
रोहित और हार्दिक पर सस्पेंस
वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या को टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन उनके खेलने को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं मानी जा रही. दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस और वर्कलोड पर टीम मैनेजमेंट नजर बनाए हुए है.
युवा खिलाड़ियों को मिला मौका
इस सीरीज में कई युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है. टेस्ट टीम में साई सुदर्शन, मानव सुथार, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे जैसे नए चेहरों को शामिल किया गया है. वहीं वनडे टीम में प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को भी जगह मिली है. चयनकर्ताओं ने साफ संकेत दिया है कि भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में युवा खिलाड़ियों को लगातार अवसर दिए जाएंगे.
भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल.
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी-बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में एंट्री पर सख्ती, सरेंडर करना होगा पासपोर्ट, जानें नया नियम