ओमान के तट पर भारतीय झंडे वाले जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 की बचाई गई जान

होर्मुज और खाड़ी क्षेत्र में तनाव के बीच ओमान के समुद्री इलाके में भारतीय झंडे वाले एक जहाज पर हमला हुआ है. इस घटना में गुजरात के रहने वाले एक भारतीय नाविक की मौत हो गई.

Indian-flagged ship attacked off the coast of Oman sailor from Gujarat killed
Image Source: Social Media

होर्मुज और खाड़ी क्षेत्र में तनाव के बीच ओमान के समुद्री इलाके में भारतीय झंडे वाले एक जहाज पर हमला हुआ है. इस घटना में गुजरात के रहने वाले एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया. यह घटना 2 नवंबर को हुई, जब जहाज ओमान के तट के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को टक्कर मारी और हमला किया.

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हमले का शिकार हुए जहाज का नाम ‘अल जुसुफी’ था. इस मोटर चालित नौका पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे. हमले में गुजरात के गंधर नाहीम अजीज गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बाद में चोटों के कारण उनकी मौत हो गई.

मंत्री सोनोवाल ने नाविक की मौत पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि भारत सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है.

बचाए गए नाविकों के संपर्क में भारतीय दूतावास

हमले के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने बचाव अभियान चलाया और जहाज पर मौजूद बाकी 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया. विदेश मंत्रालय और ओमान में भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के संपर्क में हैं. सभी बचाए गए नाविकों को जरूरी मदद दी जा रही है. वहीं, मृतक नाविक का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है. इसका असर समुद्री व्यापारिक रास्तों पर भी पड़ रहा है. खाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बढ़ रही है.

होर्मुज क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर चिंता

इससे पहले मई महीने में भी ओमान के समुद्री क्षेत्र में एक भारतीय जहाज पर अज्ञात हमले के बाद वह डूब गया था. उस समय विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा की थी और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था.

बताया जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 14 नाविक शामिल हैं. हालांकि, इन सभी मौतों की परिस्थितियां एक जैसी नहीं हैं. लगातार सामने आ रही घटनाओं ने खाड़ी क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.