India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच T20 सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. मैच से पहले मौसम नहीं, बल्कि गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर चिंता की वजह बन गया है. नदी का पानी स्टेडियम के आसपास तक पहुंच गया है, जिसके चलते इलाके में आवाजाही भी प्रभावित हुई है. हालांकि, मैच को लेकर इकाना स्टेडियम प्रबंधन ने स्थिति साफ कर दी है.
इकाना स्टेडियम के पास पहुंचा गोमती का पानी
लखनऊ में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच गोमती नदी का पानी इकाना स्टेडियम के करीब पहुंच गया है. स्टेडियम के आसपास पानी जमा होने के कारण प्रशासन की ओर से इसे जल्द निकालने की कोशिश की जा रही है. इसी बीच स्टेडियम की ओर जाने वाले एक अंडरपास को भी बंद कर दिया गया है, जिससे आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित हुआ है.
तय समय पर ही शुरू होगा भारत-वेस्टइंडीज मैच
बाढ़ के पानी के कारण मुकाबले पर संकट के सवाल उठने लगे थे, लेकिन इकाना क्रिकेट स्टेडियम प्रबंधन ने क्रिकेट फैंस को राहत दी है. प्रबंधन के मुताबिक, पानी जमा होने की स्थिति का मैच पर असर नहीं पड़ेगा और भारत-वेस्टइंडीज के बीच पहला T20I मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार ही शुरू होगा.
आखिर स्टेडियम तक कैसे पहुंचा बाढ़ का पानी?
इकाना स्टेडियम गोमती नदी के काफी करीब स्थित है. बताया जा रहा है कि स्टेडियम के पास मौजूद एक बड़ा नाला ओवरफ्लो हो गया है. इसके चलते आसपास पानी जमा होने लगा और हालात बाढ़ जैसे हो गए. प्रशासन पानी की निकासी के लिए लगातार काम कर रहा है, ताकि मैच के साथ-साथ दर्शकों की आवाजाही में भी परेशानी न हो.
लखनऊ में टीम इंडिया का शानदार T20I रिकॉर्ड
इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह दूसरी T20I भिड़ंत होगी. इससे पहले दोनों टीमें इसी मैदान पर आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी. टीम इंडिया का इस मैदान पर T20I रिकॉर्ड भी शानदार रहा है और अब तक उसे यहां किसी T20 मुकाबले में हार नहीं मिली है.
ये भी पढ़ें- IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज में इन 5 खिलाड़ियों से रहना होगा सावधान, अकेले पलट सकते हैं मैच