IND vs SL Test: टीम इंडिया की जीत में बारिश बनेगी विलेन? जानें 5वें दिन कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम

IND vs SL Test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट का चौथा दिन भी बारिश की भेंट चढ़ गया. लगातार दूसरे दिन मुकाबला तय समय से पहले रोकना पड़ा, जिससे टीम इंडिया श्रीलंका की दूसरी पारी को समेटने से चूक गई.

India vs Sri Lanka colombo-test-day-five-weather-rain-india-win
Image Source: ANI

IND vs SL Test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट का चौथा दिन भी बारिश की भेंट चढ़ गया. लगातार दूसरे दिन मुकाबला तय समय से पहले रोकना पड़ा, जिससे टीम इंडिया श्रीलंका की दूसरी पारी को समेटने से चूक गई. श्रीलंका के पास फिलहाल 16 रन की बढ़त है और उसके चार विकेट बाकी हैं. ऐसे में भारत जीत की दहलीज पर जरूर खड़ा है, लेकिन पांचवें दिन मौसम उसकी उम्मीदों पर पानी फेर सकता है.

श्रीलंका के पास सिर्फ 16 रन की बढ़त

भारतीय टीम ने पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की थी, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने 117 और ध्रुव जुरेल ने 115 रन की शानदार पारियां खेलीं. जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई, जिसके बाद भारत ने उसे फॉलोऑन दिया. दूसरी पारी में पसिंदु सूरियाबंदारा ने 92 और कमिंडू मेंडिस ने 55 रन बनाकर टीम को पारी की हार से बचा लिया. हालांकि श्रीलंका की बढ़त अभी महज 16 रन है और भारत को जीत के लिए उसके चार विकेट गिराने होंगे.

पहले सेशन में बारिश का खतरा कम

27 अगस्त को कोलंबो के मौसम पर नजर डालें तो दिन के पहले सेशन में बारिश की संभावना सिर्फ 5 फीसदी बताई गई है. यह भारत के लिए राहत की खबर है, क्योंकि अगर भारतीय गेंदबाज शुरुआती सेशन में श्रीलंका की पारी खत्म कर देते हैं तो लक्ष्य छोटा रहेगा और टीम इंडिया के पास मैच जीतने का अच्छा मौका होगा. लेकिन अगर मेजबान टीम शुरुआती सेशन में टिक गई और सिर्फ एक या कोई विकेट नहीं गंवाया, तो मुकाबला भारत के लिए मुश्किल हो सकता है.

दूसरे और तीसरे सेशन में बढ़ेगा बारिश का खतरा

दोपहर के दूसरे सेशन में बारिश की संभावना बढ़कर करीब 25 फीसदी हो सकती है. वहीं शाम के तीसरे सेशन में मौसम और चुनौतीपूर्ण रहने का अनुमान है और करीब 5 बजे बारिश की संभावना 35 फीसदी तक पहुंच सकती है. ऐसे में भारत के लिए सबसे जरूरी होगा कि वह बारिश आने से पहले श्रीलंका की दूसरी पारी खत्म कर लक्ष्य का पीछा शुरू कर दे. मैच का नतीजा काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि मौसम कितने समय तक खेल का साथ देता है.

WTC के लिहाज से बेहद अहम है मुकाबला

भारत के लिए यह टेस्ट सिर्फ सीरीज जीतने के लिहाज से ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से भी अहम है. जीत दर्ज करते ही टीम इंडिया WTC तालिका के टॉप-4 में पहुंच जाएगी. दो मैचों की सीरीज में भारत पहले ही 1-0 से आगे है. इससे पहले गॉल टेस्ट में भी भारत पांचवें दिन जीत हासिल करने में सफल रहा था और उसके कुछ ही मिनट बाद तेज बारिश शुरू हो गई थी. ऐसे में एक बार फिर टीम इंडिया की नजर जीत पर है, लेकिन इस बार मौसम सबसे बड़ा विलेन बन सकता है.

ये भी पढ़ें: ICC टेस्ट रैंकिंग में मिचेल स्टार्क का जलवा, पहली बार हासिल किया नंबर-1 का ताज, बुमराह की बादशाहत खत्म!