IND vs NZ T20I Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज शुरू होने से पहले मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पांच मैचों की इस सीरीज में उतरने से पहले न्यूजीलैंड को अपने दो अहम खिलाड़ियों से हाथ धोना पड़ा है. मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज मार्क चैपमैन और तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. दोनों खिलाड़ियों की जगह न्यूजीलैंड क्रिकेट ने नए चेहरों को टीम में शामिल किया है. ऐसे में अब भारतीय टीम के खिलाफ कीवी टीम की रणनीति में बदलाव देखने को मिल सकता है.
An update to our T20I squad ahead of the Hero VIDA T20I Series Powered by AI Nova Smartphone against India, starting at Hagley Oval on October 22. More | https://t.co/dqTGczJrkV 📲 https://t.co/BeU2146DXX
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) October 9, 2026
चोट ने बढ़ाई न्यूजीलैंड की मुश्किलें
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को दो बड़े झटके लगे हैं. टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज मार्क चैपमैन और तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स चोटिल होने के कारण पांचों मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे. चैपमैन को पिछले महीने यूरोपियन टी20 लीग में खेलते समय बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था. चोट के चलते उन्हें टी20 सीरीज से बाहर रहना पड़ेगा, हालांकि भारत के खिलाफ वनडे सीरीज तक उनके फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है.
दूसरी ओर, जैक फाउल्क्स को कैंटरबरी पुरुष टीम के अभ्यास सत्र के दौरान दाएं हिप फ्लेक्सर में खिंचाव आ गया. उनकी चोट कितनी गंभीर है और वह कब तक मैदान पर वापसी कर पाएंगे, इस पर मेडिकल टीम नजर बनाए हुए है. दोनों खिलाड़ियों का बाहर होना न्यूजीलैंड के लिए चुनौती बन सकता है, क्योंकि टीम को सीरीज शुरू होने से पहले अपने संयोजन में बदलाव करना पड़ा है.
जोश क्लार्कसन और ब्लेयर टिकनर की टीम में एंट्री
मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स की जगह न्यूजीलैंड ने ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को टीम में शामिल किया है. दोनों खिलाड़ियों को भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. क्लार्कसन ऑलराउंडर के तौर पर टीम को अतिरिक्त विकल्प दे सकते हैं, जबकि टिकनर तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती देने की कोशिश करेंगे. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नए खिलाड़ी चोटिल क्रिकेटरों की कमी को किस हद तक पूरा कर पाते हैं.
न्यूजीलैंड का अपडेटेड T20I स्क्वॉड
भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम की कप्तानी मिचेल सैंटनर करेंगे. अपडेटेड स्क्वॉड में फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और ग्लेन फिलिप्स जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. चोटिल खिलाड़ियों की जगह आए जोश क्लार्कसन और ब्लेयर टिकनर भी टीम का हिस्सा होंगे.
न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर.
भारत की टी20 टीम में इन खिलाड़ियों को मिली जगह
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे. टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज शामिल हैं. वहीं, अक्षर पटेल, शिवम दुबे और नितीश कुमार रेड्डी ऑलराउंडर के रूप में टीम को संतुलन देंगे. गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को जगह मिली है.
भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव.
22 अक्टूबर से शुरू होगी भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 22 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली है. दोनों टीमें पहले ही अपने-अपने स्क्वॉड का ऐलान कर चुकी हैं, लेकिन सीरीज से पहले न्यूजीलैंड में हुए बदलावों ने मुकाबले को लेकर चर्चा बढ़ा दी है. अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि चोटिल खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में कीवी टीम कैसा प्रदर्शन करती है और भारतीय टीम इस मौके का कितना फायदा उठा पाती है.
ये भी पढ़ें- IND vs WI: रांची में चौकों-छक्कों की बारिश या विकेटों की झड़ी? दूसरे T20 से पहले जानें पिच का पूरा मिजाज