न्यूजीलैंड के इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब, 8 टेस्ट में सिर्फ 1 जीत, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन

IND vs NZ: बेसिन रिजर्व में टीम इंडिया ने अब तक 8 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उसे सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है. 1968 के बाद से भारतीय टीम इस मैदान पर जीत दर्ज नहीं कर पाई है.

india-test-record-basin-reserve-new-zealand-series-2026
Image Source: Social Media

IND vs NZ: टी20 और वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को मात देने के बाद अब भारतीय टीम की नजर टेस्ट सीरीज पर है. दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर 2026 से शुरू होगी. पहला मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा. हालांकि, इस मैदान पर भारतीय टीम का पुराना रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है. यहां जीत हासिल करना टीम इंडिया के लिए हमेशा बड़ी चुनौती रहा है. ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के सामने इस बार इतिहास बदलने की चुनौती होगी.

बेसिन रिजर्व में टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहद खराब

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारतीय टीम ने अब तक कुल 8 टेस्ट मैच खेले हैं. इनमें से उसे सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है, जबकि 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे. भारत ने इस मैदान पर आखिरी बार साल 1968 में जीत दर्ज की थी. उस मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था. इसके बाद से भारतीय टीम इस मैदान पर जीत के लिए तरस रही है.

लगातार पांच टेस्ट हार चुकी है भारतीय टीम

साल 1968 की जीत के बाद भारतीय टीम ने बेसिन रिजर्व में सात टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन इनमें उसे एक भी जीत नसीब नहीं हुई. टीम इंडिया ने लगातार पांच मुकाबले गंवाए, जबकि बाद के दो टेस्ट ड्रॉ रहे. इस मैदान पर भारत की पिछली हार साल 2020 में आई थी. तब न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. अब छह साल बाद एक बार फिर दोनों टीमें इसी मैदान पर आमने-सामने होंगी.

2020 में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था

पिछली बार वेलिंगटन में खेले गए टेस्ट मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी. टीम इंडिया पहली पारी में महज 165 रन पर सिमट गई थी. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी ने 49 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे. उस मुकाबले में विराट कोहली सिर्फ 2 रन बना सके थे, जबकि अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए थे. इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने कप्तान केन विलियमसन की 89 रनों की पारी की बदौलत पहली पारी में 348 रन बनाए और बड़ी बढ़त हासिल की थी.

दूसरी पारी में भी नहीं चला था भारतीय बल्लेबाजों का बल्ला

पहली पारी में पिछड़ने के बाद भारतीय टीम से दूसरी पारी में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन बल्लेबाज एक बार फिर नाकाम रहे. पूरी टीम दूसरी पारी में 191 रन पर आउट हो गई. इसके बाद न्यूजीलैंड को जीत के लिए महज 9 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे उसने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया. इस तरह मेजबान टीम ने भारत को 10 विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया था. इस बार भारतीय टीम को ऐसी स्थिति से बचने के लिए बल्लेबाजी में मजबूती दिखानी होगी.

क्या इस बार 58 साल का सूखा खत्म कर पाएगी टीम इंडिया?

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों पर खास जिम्मेदारी होगी. टीम के पास शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं, जिनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी. हालांकि, बेसिन रिजर्व की परिस्थितियां और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की चुनौती आसान नहीं होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम इस बार अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर 58 साल बाद इस मैदान पर जीत दर्ज कर पाती है या नहीं.

ये भी पढ़ें- तिरंगा लेकर मैदान में घुसा फैन, विराट कोहली को देखते ही किया ऐसा काम, खिलाड़ी भी रह गए हैरान