IND vs SL Test: क्या बारिश बिगाड़ेगी भारत का खेल? जानें बुधवार को कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम

IND vs SL Test: कोलंबो के सिंहला स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में तीसरे दिन बारिश ने भारत की जीत की राह थोड़ी मुश्किल कर दी.

india-sri-lanka-test-rain-threatens-fourth-day-result
Image Source: ANI

IND vs SL Test: कोलंबो के सिंहला स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में तीसरे दिन बारिश ने भारत की जीत की राह थोड़ी मुश्किल कर दी. दिन का खेल निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले खत्म करना पड़ा. भारत ने पहली पारी 503/9 पर घोषित की थी, जिसके जवाब में श्रीलंका ने 8 विकेट खोकर 265 रन बना लिए हैं. मेजबान टीम अब भी फॉलोऑन बचाने से 39 रन दूर है.

मजबूत स्थिति में भारत

देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया. श्रीलंका के लिए अब सबसे पहली चुनौती फॉलोऑन से बचने की है. अगर मेजबान टीम लगातार दूसरी बार बल्लेबाजी करने से बच भी जाती है, तब भी भारत की स्थिति मजबूत रहेगी. ऐसे में टीम इंडिया दूसरी पारी में बड़ा लक्ष्य देकर श्रीलंका पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी, जबकि मेजबान टीम की प्राथमिकता अब मुकाबला जीतने से ज्यादा ड्रॉ कराने की होगी.

सोनल दिनुशा ने संभाली श्रीलंका की पारी

श्रीलंका का सातवां विकेट 173 रन पर गिरने के बाद भारतीय गेंदबाजों को लगा कि पारी जल्द सिमट जाएगी, लेकिन सोनल दिनुशा ने मोर्चा संभाल लिया. उन्होंने केशरा नुवंथा के साथ आठवें विकेट के लिए 57 रन की अहम साझेदारी की. नुवंथा 18 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि दिनुशा 85 रन बनाकर नाबाद हैं. अब उनकी नजर दूसरे टेस्ट शतक पर होगी और बुधवार को उनकी पारी श्रीलंका के लिए बेहद अहम साबित हो सकती है.

चौथे दिन मौसम बिगाड़ सकता है भारत का खेल

26 अगस्त को कोलंबो में टेस्ट के चौथे दिन बारिश भारत की जीत की राह में सबसे बड़ा रोड़ा बन सकती है. पहले और दूसरे सेशन में बारिश की संभावना 50 प्रतिशत से अधिक बताई जा रही है, जबकि तीसरे सेशन में भी करीब 20 प्रतिशत बारिश का अनुमान है. यदि बुधवार को आधे दिन का खेल भी धुल जाता है तो भारत के लिए बचे समय में श्रीलंका को हराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. ऐसे में चौथे दिन का खेल मैच का रुख तय करने वाला होगा.

ये भी पढ़ें: बल्ले से नहीं चले तो गेंद से बरपाया कहर, 4 गेंदों में चटकाए 2 विकेट... वैभव ने दलीप ट्रॉफी में किया कमाल