सऊदी पर हूतियों के हमलों से बढ़ा तनाव, भारतीयों के लिए दूतावास ने जारी की खास एडवाइजरी, जानें क्या कहा

यमन से सऊदी अरब की ओर लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की गई है.

india-saudi-advisory-amid-houthi-missile-drone-attacks
Image Source: Social Media

यमन से सऊदी अरब की ओर लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की गई है. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों से मौजूदा हालात को देखते हुए सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. दूतावास ने कहा, “मौजूदा हालात को देखते हुए सऊदी अरब में सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, ज्यादा से ज्यादा घर के अंदर रहने और आधिकारिक चैनल के जरिए स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है.”

हमलों से हवाई सेवाओं पर पड़ा असर

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब में कई ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबर है. इनमें राजधानी रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पूर्वी सऊदी अरब का दम्माम क्षेत्र भी शामिल है. हमलों के बाद रियाद में विमान संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित या निलंबित करना पड़ा. दूतावास ने भारतीय नागरिकों को मौजूदा घटनाओं से जुड़ी किसी भी वीडियो या खबर को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों पर शेयर नहीं करने की भी सलाह दी है.

भारत ने सऊदी एयरपोर्ट हमलों की निंदा की

भारत ने 8 अक्टूबर को सऊदी अरब के अभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमलों की कड़ी निंदा की. विदेश मंत्रालय ने कहा, “भारत पिछले कुछ दिनों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा करता है, जिनमें आम नागरिक मारे गए और घायल हुए.” सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में हुए इन कथित हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है.

भारत ने सऊदी के साथ जताई एकजुटता

भारत ने आम नागरिकों और उनसे जुड़े जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है. विदेश मंत्रालय ने कहा, “आम नागरिकों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचों को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.” मंत्रालय ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा, “हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता दिखाते हुए उनके साथ खड़े हैं.”

ये भी पढ़ें: 20 साल में 270 घातक हादसे, 8,778 लोगों की मौत... पायलट की जानबूझकर हरकत से गई इतने लोगों की जान