Foreign Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को लेकर अच्छी खबर सामने आई है. लगातार आठ सप्ताह तक गिरावट के बाद अब इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 6 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़ गया. इस दौरान विदेशी मुद्रा आस्तियों (FCA) के साथ-साथ सोने के भंडार में भी इजाफा हुआ है.
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार में इस बढ़ोतरी के बाद कुल भंडार 719.547 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. इससे पिछले सप्ताह इसमें 2.691 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी.
विदेशी मुद्रा भंडार में कितनी हुई बढ़ोतरी?
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 6 नवंबर को समाप्त सप्ताह में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.490 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई. इससे पहले लगातार आठ सप्ताह तक इसमें गिरावट आ रही थी. अब देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हो गया है.
FCA भंडार में भी आया उछाल
विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट (FCA) होता है. इसमें भी इस सप्ताह बढ़ोतरी देखने को मिली है. आरबीआई के मुताबिक, आलोच्य सप्ताह में FCA भंडार 232 मिलियन डॉलर बढ़कर 591.350 अरब डॉलर हो गया.
इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा आस्तियों में 2.088 अरब डॉलर की कमी आई थी. FCA में अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी विदेशी मुद्राओं की कीमतों में होने वाले बदलाव का असर भी शामिल होता है.
सोने के भंडार की वैल्यू भी बढ़ी
विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह सोने के भंडार का मूल्य बढ़ना भी रहा. 6 नवंबर को समाप्त सप्ताह में आरबीआई के गोल्ड रिजर्व की वैल्यू 2.205 अरब डॉलर बढ़ गई. इसके साथ ही सोने के भंडार का कुल मूल्य 104.796 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
इससे पिछले सप्ताह सोने के भंडार की वैल्यू में 559 मिलियन डॉलर की गिरावट आई थी. मार्च 2026 के अंत तक आरबीआई के पास कुल 880.52 टन सोना था. यह देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार का करीब 16.7 फीसदी हिस्सा है.
SDR और IMF रिजर्व में भी बढ़ोतरी
आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, इस सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) में भी बढ़ोतरी हुई है. इसमें 52 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ, जिसके बाद यह बढ़कर 18.610 अरब डॉलर हो गया. इससे पिछले सप्ताह SDR में 47 मिलियन डॉलर की कमी आई थी.
वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे भारत के रिजर्व में भी 1 मिलियन डॉलर की मामूली बढ़ोतरी हुई. अब यह बढ़कर 4.791 अरब डॉलर हो गया है. पिछले सप्ताह इसमें 3 मिलियन डॉलर की वृद्धि हुई थी.
आठ सप्ताह में 68.64 अरब डॉलर की आई थी गिरावट
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान लगातार आठ सप्ताह तक गिरावट दर्ज की गई थी. इस दौरान कुल 68.646 अरब डॉलर कम हो गए थे. इससे पहले 4 सितंबर 2026 को देश का विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था.
अब आठ सप्ताह की लगातार गिरावट के बाद इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे विदेशी मुद्रा भंडार में आई कमी पर फिलहाल ब्रेक लगा है.
ये भी पढ़ें- आशिकी के चक्कर में फंसे NVIDIA CEO, दांव पर 22 लाख करोड़! अमेरिका-चीन के बीच बढ़ेगा तनाव?