भारत और चीन के बीच लंबे समय से जारी सीमा तनाव के बीच एक नई पहल देखने को मिली है. दोनों देशों की सेनाओं ने हाल ही में पश्चिमी सीमा क्षेत्र में नियंत्रण और प्रबंधन को लेकर खुली और गहन बातचीत की है. यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब गलवान घाटी के बाद जमे बर्फ जैसे रिश्ते धीरे-धीरे पिघलते दिख रहे हैं.
बुधवार को चीन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सीमा नियंत्रण को लेकर दोनों देशों के बीच ईमानदार और सकारात्मक संवाद हुआ. मंत्रालय के बयान में कहा गया कि भारत और चीन दोनों पक्ष अब सैन्य और कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनी रहे. हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से इस वार्ता पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.
गलवान के बाद की ठंडी रिश्तों में आई नरमी
यह वार्ता उस पृष्ठभूमि में हुई है जब 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद भारत-चीन संबंधों में गहरा तनाव आ गया था. दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद सीमा पर भारी सैन्य तैनाती हुई थी. पिछले कुछ महीनों में हालांकि दोनों देशों ने तनाव घटाने और विश्वास बहाल करने के लिए कई कदम उठाए हैं — जिसमें राजनीतिक, आर्थिक और राजनयिक स्तर पर संवाद शामिल हैं.
फिर शुरू हुई भारत-चीन उड़ानें
रिश्तों में सुधार का एक बड़ा संकेत हाल ही में उस समय मिला जब भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें दोबारा शुरू हो गईं. इंडिगो एयरलाइंस की कोलकाता से ग्वांगझू के लिए सीधी फ्लाइट इस दिशा में पहला कदम रही. यह उड़ान दोनों देशों के बीच लगभग चार साल के अंतराल के बाद शुरू हुई है. दोनों सरकारों ने इस कदम को “सामान्य रिश्तों की बहाली की दिशा में सकारात्मक प्रगति” बताया है.
पीएम मोदी की चीन यात्रा और SCO सम्मेलन
भारत-चीन संबंधों में सुधार की एक और अहम कड़ी रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा. पीएम मोदी ने तियानजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन में हिस्सा लिया था. यह उनकी कई वर्षों बाद चीन की पहली यात्रा थी, जहां उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी गई क्योंकि यह सीधे संवाद का एक नया दौर शुरू कर सकती है.
“ड्रैगन और हाथी साथ चलें”
मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत और चीन के रिश्तों को प्रतीकात्मक रूप से “ड्रैगन और हाथी के साथ आने” जैसा बताया. उन्होंने कहा कि अगर दोनों देश आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करें, तो एशिया ही नहीं, पूरी दुनिया में स्थिरता और विकास की नई दिशा स्थापित की जा सकती है.यह बयान इस बात का संकेत माना जा रहा है कि बीजिंग अब संबंधों में टकराव की जगह साझेदारी की ओर बढ़ना चाहता है.
भविष्य के लिए क्या संकेत देता है यह संवाद
सीमा विवाद पर हुई यह नई बातचीत दोनों देशों के बीच भरोसे की बहाली का संकेत है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये बातचीत जारी रहती है, तो न केवल LAC पर तनाव घट सकता है, बल्कि व्यापार और सांस्कृतिक रिश्तों में भी नई जान आ सकती है.हालांकि, वास्तविक सुधार तभी संभव होगा जब सीमा पर स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: रियो डी जेनेरो में खून की बारिश! ब्राजील के इतिहास का सबसे बड़ा पुलिस एनकाउंटर, 64 की मौत