भारत-चीन संबंधों में सुधार की नई उम्मीद, शंघाई-नई दिल्ली रूट पर चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की फ्लाइट फिर से शुरू

भारत और चीन के बीच रिश्तों में धीरे-धीरे सुधार की हवा चल रही है. इस बीच एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस 9 नवंबर 2025 से शंघाई और नई दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने जा रही है.

India China Flight Started from 9 eastern shanghai
Image Source: Social Media

भारत और चीन के बीच रिश्तों में धीरे-धीरे सुधार की हवा चल रही है. इस बीच एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस 9 नवंबर 2025 से शंघाई और नई दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने जा रही है. इस राउंड-ट्रिप सेवा के जरिए दोनों देशों के बीच आर्थिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा.


चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस इस रूट पर एयरबस A330-200 वाइड-बॉडी विमान का संचालन करेगी, जो यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बेहतर आराम और वाई-फाई जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा. शंघाई से उड़ान संख्या MU563 दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेगी. वहीं, दिल्ली से फ्लाइट MU564 रात 7:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगली सुबह 4:10 बजे शंघाई पहुंच जाएगी. ये उड़ानें सप्ताह में बुधवार, शनिवार और रविवार को उपलब्ध होंगी.

भारत-चीन संबंधों में नई जान डालेगा यह कदम

इस वर्ष अगस्त में तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दोनों देशों के बीच चुने हुए शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू करने की घोषणा की थी. चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस का मानना है कि इस कदम से भारत-चीन के बीच कारोबारी और सांस्कृतिक संपर्क मजबूत होंगे और दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं पैदा होंगी.

इंडिगो ने भी बढ़ाया भारत-चीन कनेक्टिविटी का दायरा

इसी महीने की शुरुआत में भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने कोलकाता से चीन के गुआंगझोउ के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करने की घोषणा की थी, जो 26 अक्टूबर से लागू हो गई हैं. इसके अलावा, दिल्ली और गुआंगझोउ के बीच भी फ्लाइट शुरू करने की योजना है. इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा था कि भारत-चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट की बहाली से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी और दोनों देशों के लोगों के बीच यात्रा के अवसर बढ़ेंगे.

महामारी और सीमा विवाद के कारण रुका था विमान परिचालन

कोविड-19 महामारी के दौरान भारत और चीन के बीच सभी फ्लाइट सेवाएं बंद कर दी गई थीं. इसके बाद भी गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों और एयर बबल एग्रीमेंट पर सहमति नहीं बन पाने के कारण दोनों देशों के बीच विमान परिचालन बाधित रहा. लेकिन अब स्थिति में सुधार के साथ यह कदम भारत-चीन संबंधों को पटरी पर लाने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: नासिक रेलवे स्टेशन पर दिवाली-छठ में घर जाने वालों की उमड़ी भीड़, ट्रेन से कटकर 2 की मौत, एक गंभीर