नासिक (महाराष्ट्र): दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के बीच जब उत्तर भारत के लाखों प्रवासी मजदूर और कामकाजी लोग मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य इलाकों से अपने गांव लौटने की होड़ में हैं, ऐसे में भीड़ और अफरा-तफरी की वजह से एक दर्दनाक हादसा नासिक रेलवे स्टेशन पर हो गया. शुक्रवार की रात, एक तेज रफ्तार ट्रेन को पकड़ने की कोशिश कर रहे तीन यात्री अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए, जिसमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसा कैसे हुआ?
घटना कर्मभूमि एक्सप्रेस से जुड़ी है, जो आमतौर पर नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकती है. यह ट्रेन मुंबई से बिहार की ओर जाती है और इस समय हजारों यात्री इसी ट्रेन के जरिए अपने घरों की ओर लौटने की कोशिश कर रहे हैं. चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही कर्मभूमि एक्सप्रेस स्टेशन से धीमी गति में गुजर रही थी, तीन यात्रियों ने उसमें चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की. लेकिन ट्रेन की गति और भीड़भाड़ के कारण वे अपना संतुलन नहीं बना सके और पटरियों पर गिर पड़े.
मौके पर ही दो की मौत
गिरने के तुरंत बाद दो यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. तीसरे यात्री को स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. मृतकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, ये सभी बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं.
त्योहारों में ट्रेनों की भारी भीड़
त्योहारों के दौरान मुंबई, पुणे, ठाणे जैसे शहरों से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और बंगाल जैसे राज्यों की ओर भारी संख्या में लोग अपने गांवों की ओर लौटते हैं. इस कारण ट्रेनों में भीड़ का दबाव कई गुना बढ़ जाता है. रेलवे के पास सीमित संसाधन और गाड़ियों की संख्या होने के कारण हर स्टेशन पर ट्रेनें नहीं रुकतीं. इसके बावजूद कई बार लोग चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है.
रेलवे और पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतकों के शवों को कब्जे में लिया. पुलिस ने बताया कि मौके पर जांच जारी है, और CCTV फुटेज व यात्रियों के बयान लिए जा रहे हैं ताकि दुर्घटना की सटीक वजह पता चल सके.
ये भी पढ़ें- DRDO ने किया 'NAG MK-2' का सफल परीक्षण, ज़ोरावर टैंक से दागी गाइडेड मिसाइल, जानें ताकत और खासियत