IND W vs PAK W: एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, 52 गेंदों में खत्म किया मैच

महिला एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से शिकस्त देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम महज 55 रन पर सिमट गई, जो उसका महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर रहा।

india-beat-pakistan-womens-asia-cup-2026-by-seven-wickets
Image Source: Social Media

महिला एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से शिकस्त देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम महज 55 रन पर सिमट गई, जो उसका महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर रहा। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 8.4 ओवर यानी 52 गेंदों में मुकाबला खत्म कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने महिला टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी 15वीं जीत दर्ज की।

पहली गेंद पर छक्का, लेकिन जल्दी लौटीं शेफाली

56 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ओपनर शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इरादे साफ कर दिए। हालांकि उनकी पारी ज्यादा देर नहीं चली और वह 6 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हो गईं। भारत का पहला विकेट 13 रन के स्कोर पर गिरा। इसके बाद प्रतिका रावल भी सिर्फ 4 रन बनाकर 18 के स्कोर पर पवेलियन लौट गईं।

कप्तान ने संभाला मोर्चा

भारतीय टीम को तीसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा, जिन्होंने 11 गेंदों में दो चौकों की मदद से 9 रन बनाए। लगातार तीन विकेट गिरने के बावजूद भारत के लिए लक्ष्य बेहद छोटा था। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभाली और 18 गेंदों में 18 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। उनका साथ दीप्ति शर्मा ने दिया और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 28 रन जोड़कर भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया। दीप्ति 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।

27 से 55 रन तक पाकिस्तान ने गंवाए 9 विकेट

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का पाकिस्तान का फैसला पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ। टीम ने 27 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया और इसके बाद विकेटों का ऐसा पतझड़ शुरू हुआ कि अगले 28 रन जोड़ने में उसके 9 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। शवाल जुल्फिकार ने 14 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि मुनीबा अली ने 13 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं और पाकिस्तान 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गया।

भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज बेबस

भारत की जीत की नींव उसकी शानदार गेंदबाजी ने रखी। श्री चरणी और प्रेमा रावत ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ते हुए तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। चरणी ने चार ओवर में महज 7 रन दिए, जबकि प्रेमा रावत ने चार ओवर में 9 रन खर्च किए। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर दो विकेट हासिल किए और शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली। पाकिस्तान को 55 रन पर समेटने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने महज 52 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर टीम को शानदार जीत दिला दी।