IND-W vs PAK-W: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार शुरुआत की. बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रन पर सिमट गई.
मंधाना और हरमनप्रीत ने संभाली पारी
भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. शुरुआती झटकों के बाद टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई थी, लेकिन स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालते हुए महत्वपूर्ण साझेदारी की. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए. उनकी पारी में आकर्षक चौके और बड़े शॉट्स देखने को मिले. वहीं हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का उपयोगी योगदान देकर टीम को स्थिरता प्रदान की.
It's all blue in Edgbaston 💙
— BCCI Women (@BCCIWomen) June 14, 2026
We are away in the mission #T20WorldCup in fine fashion ✌️
Scorecard ▶️ https://t.co/1tfRc3jcrX#TeamIndia | #WomenInBlue pic.twitter.com/slDhUJnXY5
ऋचा घोष की विस्फोटक फिनिशिंग
पारी के अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेजतर्रार बल्लेबाजी कर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया. उन्होंने केवल 17 गेंदों में 34 रन बनाए. खास तौर पर अंतिम चरण में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से भारत 170 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा.
दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत ठीक रही, लेकिन दीप्ति शर्मा ने गेंद हाथ में आते ही मैच का समीकरण बदल दिया. उन्होंने सबसे पहले गुल फिरोजा को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई और फिर आयशा जफर का विकेट भी अपने नाम किया.
दीप्ति ने सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि शानदार फील्डिंग से भी प्रभाव छोड़ा. उन्होंने मुनीबा को सीधे थ्रो से रन आउट कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया. इसके बाद अपने अंतिम ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया. दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
जीत के साथ भारत का मजबूत संदेश
स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारी, ऋचा घोष की आक्रामक बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए खिताब की दावेदारी का मजबूत संकेत दिया.
ये भी पढ़ें- TMC के 20 बागी सांसदों ने स्पीकर से मिलकर पार्टी छोड़ने का किया ऐलान, इस दल में करेंगे विलय