IND vs ENG: एक हार से खत्म हो जाएगी चार साल की बादशाहत, नंबर-1 का ताज बचाने उतरेगा भारत, देखें रैंकिंग

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला साउथेम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा. वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम के लिए यह मैच सिर्फ सम्मान बचाने का नहीं, बल्कि टी20 रैंकिंग में अपना नंबर-1 स्थान बचाने का भी मुकाबला है.

IND vs ENG India steps out to defend the No. 1 crown check the T20I rankings
Image Source: ANI

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला साउथेम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा. वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम के लिए यह मैच सिर्फ सम्मान बचाने का नहीं, बल्कि टी20 रैंकिंग में अपना नंबर-1 स्थान बचाने का भी मुकाबला है.

भारत अगर इस मुकाबले में हार जाता है तो पिछले चार साल से चली आ रही उसकी टी20 टीम रैंकिंग की बादशाहत खत्म हो सकती है.

नंबर-1 की कुर्सी पर इंग्लैंड की नजर

भारत इस समय टी20 रैंकिंग में 269 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड 267 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है.

ब्रिटेन दौरे की शुरुआत से पहले भारत के पास 275 रेटिंग अंक थे. आयरलैंड के खिलाफ मिली हार से टीम को तीन अंकों का नुकसान हुआ और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ लगातार हार से रेटिंग और कम हो गई.

अगर इंग्लैंड आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज में भारत का क्लीन स्वीप करता है तो उसे मैच जीतने के साथ-साथ सीरीज जीत का भी फायदा मिलेगा और वह नंबर-1 टीम बन जाएगी.

सीरीज जीतना इंग्लैंड का बड़ा लक्ष्य

ब्रिस्टल में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 9 विकेट से हराया था. इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा था कि टीम की नजर दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम बनने पर है.

उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत टीम है, लेकिन इंग्लैंड ने इस सीरीज में अपनी योजनाओं को अच्छी तरह मैदान पर लागू किया है.

इंग्लैंड के कप्तान का कहना है कि भारत को 4-0 से हराना और साथ ही नंबर-1 टीम बनना उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी.

कैसे तय होती है टी20 रैंकिंग?

आईसीसी टीम रैंकिंग एक अंक प्रणाली के आधार पर तय करता है. इसमें टीमों के हालिया प्रदर्शन को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाता है.

मई के बाद खेले गए मुकाबलों को पूरी अहमियत दी जाती है, जबकि पिछले दो साल के मैचों को कम महत्व मिलता है.

किसी मैच में मिलने वाले अंक दोनों टीमों की रैंकिंग और प्रदर्शन पर निर्भर करते हैं. ऊंची रैंक वाली टीम को हराने पर दूसरी टीम को ज्यादा फायदा मिलता है.

कप्तान अय्यर को पहली जीत का इंतजार

विश्व चैंपियन बनने के बाद यह भारत का पहला विदेशी दौरा है. इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है.

टीम अब तक सात टी20 मुकाबलों में पांच हार चुकी है, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ था.

कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर को अभी अपनी पहली जीत का इंतजार है. ऐसे में आखिरी मुकाबला उनके और भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है.

भारत की कोशिश होगी कि आखिरी मैच जीतकर सीरीज का अंत जीत के साथ करे और अपनी नंबर-1 रैंकिंग भी बचाए रखे.

ये भी पढ़ें- World Population Day: चीन को पीछे छोड़ भारत बना नंबर-1, बढ़ती आबादी देश की ताकत है या चुनौती? देखें आंकड़े